बच्चू कडू (फोटो नवभारत)
Bachchu Kadu Melghat Sangharsh Yatra: पूर्व विधायक बच्चू कडू ने अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र के किसानों, आदिवासियों, मजदूरों और स्थानीय नागरिकों की मूलभूत समस्याओं को लेकर 250 किलोमीटर लंबी संघर्ष पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। बच्चू कडू ने कहा कि यह केवल विरोध यात्रा नहीं, बल्कि मेलघाट की वास्तविक स्थिति की समीक्षा यात्रा है। सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से क्षेत्र की जमीनी हकीकत सरकार तक पहुंचाई जाएगी और समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व विधायक बच्चू कडू ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी इस संघर्ष यात्रा की जानकारी दी। पोस्ट के मुताबिक यात्रा एक मार्च से शुरू होकर 9 मार्च तक चलेगी। यह यात्रा सेमाडोह से शुरू होकर चिखलदरा में खत्म होगी। वहीं 9 मार्च को सलोना से चिखलदरा के बीच यह संघर्ष यात्रा महामाेर्चा में तब्दील हो जाएगी। इस पदयात्रा का उद्देश्य महाराष्ट्र सरकार द्वारा किए गए कर्जमाफी के वादे को याद दिलाना, विकास से कोसों दूर इलाके व मेलघाट के आदिवासियों को न्याय दिलाना है।
कर्जमुक्तीची आठवण व मेळघाट संघर्ष यात्रा… pic.twitter.com/EPAPEttr8Y — BACCHU KADU (@RealBacchuKadu) February 15, 2026
बच्चू कडू ने कहा कि मेलघाट में रोजगार, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, पेयजल, बिजली, पक्की सड़कें, कर्जमाफी जैसे मुद्दे आज भी गंभीर हैं। प्रशासन को इन मूलभूत सुविधाओं पर प्राथमिकता से ध्यान देना चाहिए। अधिकांश सरकारी कामकाज ऑनलाइन हो चुका है, लेकिन मेलघाट के दुर्गम इलाकों में नेटवर्क की भारी कमी है।
उन्होंने कहा कि मेलघाट में अतिरिक्त अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति, ग्राम पंचायतों में रोजगार सेवकों को कर्मचारी का दर्जा तथा समान काम के लिए समान वेतन लागू करने की भी मांग की। प्रेस वार्ता में बालू जवजाल, रहमान भाई, मनीष नागलिया, सुरेश गणेशकर, दीपक भोगाडे, संजय गोमकाले, उमेश कपाले सहित प्रहार संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:- छत्रपति शिवाजी महाराज: 8 पत्नियां, 3 तलवारें और वो इकलौता किला जिसे जीत नहीं सके, जानिए पूरा इतिहास
मेलघाट में मानव और वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2020 में बाघ हमलों में 31 लोगों की मृत्यु हुई थी। वहीं 2024 से फरवरी 2025 तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 648 नागरिक वन्यजीव हमलों में घायल हो चुके हैं।।वन्यजीव हमले में मृत्यु होने पर परिजनों को 50 लाख रुपये, स्थायी विकलांगता पर 25 लाख रुपये, गंभीर घायल होने पर 15 लाख रुपये और मामूली चोट पर 1 लाख रुपये का मुआवजा 8 दिनों के भीतर देने की मांग की है।