दोपहर में भारी कार्यों पर रोक, 0 भीषण गर्मी से मजदूरों को बचाने प्रशासन सख्त
अमरावती जिले में भीषण गर्मी के कारण मजदूरों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभावों को देखते हुए प्रशासन ने भारी कार्यों पर रोक लगाई है। सभी नियोक्ताओं को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
Amravati News: देश और राज्य सहित अमरावती जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के चलते मजदूर वर्ग के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है. विशेष रूप से निर्माण कार्य, उद्योगों और खदानों में काम करने वाले श्रमिकों को हीट स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है. इसी गंभीरता को देखते हुए सहायक श्रम आयुक्त ए. एस. पाटिल ने जिले के सभी नियोक्ताओं, उद्योगपतियों और निर्माण कंपनियों के लिए तत्काल प्रभाव से दिशानिर्देश जारी किए हैं.
प्रशासन ने दोपहर की कड़ी धूप के दौरान कोई भी भारी या कठिन काम न कराने के निर्देश दिए है. कंपनियों और ठेकेदारों से काम के समय में बदलाव करने और कठिन कार्यों को दिन के ठंडे समय में निर्धारित करने की अपील की.
मजदूरों के लिए ये सुविधाएं होंगी अनिवार्य कार्यस्थल पर पीने के ठंडे पानी की पर्याप्त व्यवस्था और इलेक्ट्रोलाइट्स/ओआरएस उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा, मजदूरों के बैठने के लिए छायादार स्थान और पर्याप्त विश्राम की सुविधा दें, प्रत्येक प्रतिष्ठान में आइस पैक, प्राथमिक चिकित्सा किट और लू से बचाव के आवश्यक साधन तैयार रखने के आदेश दिए गए हैं. इन नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी सहायक श्रम आयुक्त ने दी है.
