वर्धा में हत्या, अमरावती में जलाया शव! शहानूर नहर हत्याकांड का पर्दाफाश; होटल मालिक समेत 6 गिरफ्तार

Arvi Wardha Murder Case: आर्वी के शाहरुख की हत्या कर शहानूर नहर में जलाया शव। वर्धा से अमरावती तक फैली साजिश का पर्दाफाश, होटल मालिक सहित 6 हत्यारे गिरफ्तार।
Arvi murder mystery solved: 6 arrested for killing Sheikh Shahrukh over a money dispute and burning his body in Shahanur canal near Pathrot.
अमरावती पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Amravati Local Crime Branch: पथ्रोट थाना क्षेत्र के खोडगांव रोड स्थित जहानपुर शेत परिसर के शहानूर बांध के नहर (कैनाल) में अधजला शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान शेख शाहरुख शेख रऊफ (आर्वी, वर्धा) के रूप में हुई है।

यह कार्रवाई ग्रामीण अपराध शाखा और पथ्रोट पुलिस ने की। आरोपियों के पास से 5 लाख 70 हजार रुपए का माल जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में एक विधि संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पथ्रोट थाने के एएसआई रविंद्र रामभाऊ शिंपी ने बताया कि 10 फरवरी की रात 11 बजे से 11 फरवरी सुबह 9 बजे तक वे ड्यूटी ऑफिसर के रूप में कार्यरत थे।

इसी दौरान ग्राम वाघडोह के पुलिस पाटिल सुभाष काकड़ ने फोन पर सूचना दी कि वाघडोह-खोडगांव रोड पर मारुति जहानपुर शेत परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव पड़ा है। पुलिस को शहानूर बांध के कैनाल में एक अज्ञात पुरुष का जला हुआ शव मिला।

पास के कच्चे रास्ते पर चारपहिया वाहन के टायर के निशान भी पाए गए। प्रारंभिक जांच में अज्ञात आरोपियों ने व्यक्ति की अन्यत्र हत्या कर पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को वाहन से लाकर नहर में जलाने की आशंका जताई। पथ्रोट थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

संदिग्ध रूप से आते-जाते देखा

पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा, पथ्रोट, रहीमापुर और अंजनगांव सुर्जी की टीमों का गठन किया गया। उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे के मार्गदर्शन में समानांतर जांच शुरू की गई। पता चला कि अंजनगांव सुर्जी निवासी पद्मश्री होटल के मालिक शुभम रॉय अपनी सफेद रंग की गाड़ी से रात में खोडगांव रोड पर संदिग्ध रूप से आते-जाते देखा गया था। पूछताछ में पहले उसने टालमटोल किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

हत्या की साजिश

जांच में सामने आया कि शेख शाहरुख शेख रऊफ ने वर्धा जिले के आर्वी निवासी प्रशांत महाजन को पैसों के विवाद में गाली-गलौज और मारपीट की थी। इससे नाराज होकर प्रशांत महाजन, उसके बेटे टिकेश महाजन और उनके साथी अली अजगर ने मिलकर शाहरुख की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत अली अजगर ने शाहरुख को पैसों का लालच देकर समझौते के बहाने गांव के बाहर बुलाया।

वहां टिकेश और अली ने मिलकर उसकी पिटाई कर हत्या कर दी। बाद में शव को चारपहिया वाहन में डालकर आर्वी से ले जाया गया और लेहगांव में शुभम रॉय को सौंप दिया गया। शुभम रॉय ने अपने महिंद्रा एक्सयूवी 500 वाहन से शव को शहानूर बांध के कैनाल में ले जाकर अपने होटल के तीन कर्मचारियों हर्षित गौर, निखिल गौर सहित अन्य साथियों की मदद से शव को जला दिया।

6 आरोपियों को गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में आरोपी टिकेश प्रशांत महाजन (28), प्रशांत हरिचंद्र महाजन (59, दोनों गणपति वार्ड, आर्वी, वर्धा निवासी), शुभम मोहनलाल रॉय (28, बुधवारा, अंजनगांवसुर्जी), अली अजगर सब्दर हुसैन (28, जाजूवाडी, आर्वी), हर्षीत प्रकाश गौर (19, भोईपुरा, अंजनगांवसुर्जी) व निखिल दीपचंद गौर (32, भोईपुरा, अंजनगांवसुर्जी) को गिरफ्तार किया है।

साथ ही एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों से महिंद्रा वाहन कीमत 5 लाख रुपये), 7 मोबाइल सहित कुल 5 लाख 70 हजार रुपये का माल जब्त किया। आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए पथ्रोट पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखड़े, अंजनगांव सुर्जी के पुलिस निरीक्षक सूरज बोंडे, उपनिरीक्षक अनंत वडतकर, अभय चौथनकर, सचिन पवार, सागर हटवार, नितिन इंगोले तथा साइबर थाने के विकास अंजीकर और सागर धापड़ ने की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com