Amravati News: अंजनगांव सुर्जी, सं. तहसील के वनोजाबाग गांव में एक युवा किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान सागर रामदास सोनवणे (आयु लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। उन्होंने 6 मार्च की सुबह अपने घर में लोहे के एंगल से फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सागर सोनवणे लगातार फसल खराब होने, परिवार में बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण मानसिक रूप से काफी परेशान थे। उनके पास मात्र दो एकड़ कृषि भूमि थी और पिछले कुछ समय से फसल नुकसान के चलते परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर हो गई थी।
परिवार पर लगातार दुखों का साया बना हुआ था। कुछ दिन पहले ही उनके पिता का बीमारी के कारण निधन हो गया था, जबकि दो वर्ष पूर्व उनके भाई की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी थी। उनकी मां भी लंबे समय से बीमार हैं और फिलहाल दर्यापुर उपजिला अस्पताल में भर्ती हैं। मां के इलाज पर हो रहे खर्च से सागर पर आर्थिक दबाव और बढ़ गया था।
बताया जाता है कि 5 मार्च को सागर अपनी मां से मिलने अस्पताल गए थे। अगले दिन सुबह मुंबई में रहने वाली उनकी बहन ने फोन कर मां की तबीयत के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन सागर ने फोन नहीं उठाया। संदेह होने पर पड़ोसियों को सूचना दी गई।
पड़ोसियों ने घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की से झांककर देखा तो सागर फांसी के फंदे पर लटके हुए पाए गए। सूचना मिलते ही रहिमापुर थाने के थानेदार अनंत वडतकर, सहायक पुलिस निरीक्षक गजानन वर्मा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा किया।
शव को ग्रामीण अस्पताल अंजनगांव में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। 7 मार्च को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्राथमिक जांच में पुलिस ने आत्महत्या का कारण फसल नुकसान, पारिवारिक बीमारी और उससे उत्पन्न आर्थिक व मानसिक तनाव बताया है।
इस घटना के बाद वनोजाबाग गांव में शोक और हताशा का माहौल व्याप्त है।