Akola News: आखाती देशों में जारी युद्ध के चलते एलपीजी गैस आपूर्ति प्रभावित होने के बाद केंद्र सरकार ने केरोसिन वितरण का निर्णय लिया है। मार्च–अप्रैल 2026 के लिए अकोला जिले को 72 हजार लीटर केरोसिन का कोटा मंजूर किया गया है, लेकिन सीमित मात्रा के कारण अधिकांश कार्डधारक इससे वंचित रहेंगे।
जिले में कुल 3.26 लाख राशन कार्डधारक हैं, जबकि प्रति कार्ड 3 लीटर के हिसाब से केवल 24 हजार लाभार्थियों को ही केरोसिन मिल सकेगा। ऐसे में 3 लाख से अधिक कार्डधारकों का प्रश्न अनुत्तरित बना हुआ है।
निर्णय के अनुसार, वितरण में अंत्योदय और प्राधान्य गट के राशन कार्डधारकों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही राशन कार्ड न रखने वाले जरूरतमंद परिवारों को भी उपलब्धता के आधार पर लाभ देने की बात कही गई है।
जिले में वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी कमी देखी जा रही है। गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर सुबह से ही नागरिकों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे स्थिति की गंभीरता स्पष्ट हो रही है।
प्रशासन के मुताबिक, तेल कंपनियों से वितरकों को केरोसिन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके बाद राशन दुकानों के माध्यम से नागरिकों तक वितरण किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया प्रशासन की निगरानी में होगी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। यह वितरण तात्कालिक स्वरूप का होगा और 45 दिनों के भीतर केरोसिन उठाना अनिवार्य रहेगा।
राज्य के अन्न व नागरी आपूर्ति विभाग द्वारा हाल ही में जारी सरकारी निर्णय के तहत यह प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। अकोला जिला आपूर्ति अधिकारी रवींद्र येन्नावार ने बताया कि वितरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही कार्यवाही आरंभ होगी।