

Amravati Urdu Education Association News: उर्दू एज्युकेशन असोसिएशन कर्मचारी सहकारी पतसंस्था, अमरावती की ओर से बडनेरा पुलिस स्टेशन में स्कूल के जूनी बस्ती स्थित असोसिएशन उर्दू हाईस्कूल के मुख्याध्यापक शेख हमीद शेख हनीफ और लिपिक मो. फारुख शेख अब्बास के खिलाफ कथित आर्थिक गड़बड़ी एवं रकम गबन करने की शिकायत संस्था की ओर से दर्ज कराई गई है।
पतसंस्था के अध्यक्ष मोहम्मद इरफान ने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों के वेतन से काटी गई कर्ज की राशि पतसंस्था में जमा न कर लगभग 2 लाख रुपये का गबन किया गया है। शिकायत के अनुसार, उर्दू एज्युकेशन असोसिएशन द्वारा संचालित स्कूलों के कर्मचारियों को पतसंस्था के माध्यम से कर्ज दिया जाता है।
इसकी मासिक कटौती कर्मचारियों के वेतन से कर स्कूल प्रशासन के जरिए पतसंस्था में जमा कराई जाती है। आरोप है कि अप्रैल 2026 की कटौती राशि मुख्याध्यापक शेख हमिद शेख हनीफ और लिपिक मोहम्मद फारुक शेख अब्बास ने मिलीभगत कर जमा नहीं की। पतसंस्था ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गबन की गई राशि की वसूली की भी मांग की गई है।
संस्था अध्यक्ष आसिफ हुसैन ने कहा कि यदि कोई मुख्याध्यापक आर्थिक अनियमितता में लिप्त पाया गया तो संस्था की ओर से उसकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। संस्था ने कर्मचारियों से भी अपील की है कि यदि किसी प्रकार का आर्थिक दबाव या गैरकानूनी व्यवहार किया जाता है तो इसकी शिकायत पुलिस विभाग में दर्ज कराएं।