अमरावती में कुदरत का कहर! ओलावृष्टि से गेहूं और प्याज की फसलें तबाह, आंसुओं में डूबा किसान

Amravati Unseasonal Rain March: अमरावती जिले में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का तांडव। चिखलदरा और रिद्धपुर में गेहूं-प्याज की फसलें तबाह। कटाई के वक्त प्रकृति की मार से किसान बेहाल।
Unseasonal rain and hailstorm lash Amravati district. Massive damage to wheat, onion, and gram crops in Chikhaldara and Anjangaon Surji.
अमरावती में भारी बारिश (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Hailstorm in Chikhaldara: अमरावती जिले में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज बदल गया है। बदरिला मौसम छाया रहने के साथ ही गुरुवार को चिखलदरा, रिद्धपुर और अंजनगांव सुर्जी में ओलावृष्टि हुई। खेतों में काटकर रखी गेहूं, प्याज और चना फसल को भारी नुकसान हुआ है। गुरुवार की देर रात अमरावती शहर में भी बेमौसम बारिश ने दस्तक दी। जिससे तापमान में कुछ हद तक गिरावट आ गई है।

रिद्धपुर में बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश

रिद्धपुर में रात 2 बजे बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई। तहसील के सभी मंडलों में करीब 30 मिनट तक बारिश हुई। जिससे गेहूं और प्याज की फसल को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल किसानों ने गेहूं की फसल की कटाई शुरू की है। कई किसानों की गेहूं की फसल कटकर जमीन पर पड़ी है और कुछ किसानों ने प्याज की फसल भी निकालना शुरू किया है। लेकिन ऐन तुड़ाई के समय बेमौसम बारिश होने से किसानों को नुकसान होने का डर सता रहा है। उपज मंडियों में भी व्यापारियों द्वारा खरीदी गई फसलों के ढेर जो बाहर रखे हुए हैं, वह भी भीग गए हैं। जिससे इसके दामों पर असर पड़ने की संभावना है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसलों को इस बारिश से नुकसान पहुंचा है। बेमौसम बारिश से तुड़ाई के लिए आया गेहूं गीला हो जाने से रंग सफेद हो जाता है, जिससे फसल की कीमत कम हो जाती है। शुक्रवार को तहसीलदार, मंडल अधिकारी और पटवारी ने क्षेत्र में पहुंचकर नुकसान का निरीक्षण किया।

  • कटाई के वक्त मौसम ने मारी मार, किसान परेशान
  • खेतों में बिछी फसल भीगी, मंडियों में गिरे दाम के आसार
  • आधी रात की बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता
  • तेज हवाएं और ओलावृष्टि, खेती पर डबल अटैक
  • बेमौसम बारिश ने बिगाड़ी किसानों की गणित

चिखलदरा में भी ओले गिरे

चिखलदरा तहसील के सेमाडोह और आसपास के क्षेत्र में दोपहर के समय अचानक मौसम का रुख बदल गया। यहां बेमौसम की तेज बारिश के साथ ओले गिरे। जिससे नागरिकों में अफरा-तफरी मच गई। सुबह तक जिले में मौसम सामान्य था। लेकिन दोपहर को अचानक मौसम ने करवट बदल ली। सेमाडोह और आसपास के इलाकों में बेमौसम की कड़ी धूप की जगह तेज बारिश होने लगी।

बारिश के साथ ही चने के आकार के ओले बड़ी संख्या में गिरने लगे। जिससे क्षेत्रवासियों में अफरा-तफरी हो गई। बेमौसम बारिश से कोई जनहानि या अन्य तरह का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह बारिश चना, गेहूं की फसलों के लिए घातक साबित होगी। इन दिनों चना और गेहूं की फसल कटाई पर आ गई है। लेकिन अब अचानक हुई इस बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है।

शहर में भी बेमौसम बारिश की दस्तक

अमरावती शहर में बीते दो दिनों से बदरिला मौसम छाया हुआ था। ऐसे में गुरुवार की रात 12.30 बजे के बाद तेज हवाएं शुरू हुईं। जिसके बाद बेमौसम बारिश ने दस्तक दी। बिजली की गड़गड़ाहट के साथ शुरू हुई बेमौसम बारिश करीब रात 3 बजे तक जारी रही। तेज हवाओं से किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ। शुक्रवार को फिर गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com