Amravati News: अमरावती जिले के तिवसा क्षेत्र में एक डॉक्टर के साथ निवेश के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये हड़प लिए।
शिकायत के अनुसार, तिवसा निवासी डॉ. सुधीर रामदास चक्रनारायण (39) से परिचित आरोपी तुषार मनोहर ताकझुरे (45, बीपीएल चांदुर, अकोला) ने ‘तिरुपति मार्केट टिप्स’ नामक कंपनी में निवेश कराने का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।
आरोपी की बातों में आकर डॉ. चक्रनारायण ने 14 मार्च 2024 से 7 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 9.60 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। शुरुआती महीनों में कोई रिटर्न नहीं मिलने पर उन्हें संदेह हुआ।
पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। दबाव बढ़ाने पर उसने 3 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन शेष 6.60 लाख रुपये नहीं लौटाए और बाद में संपर्क से गायब हो गया।
काफी प्रयासों के बाद भी आरोपी का पता नहीं चलने पर पीड़ित डॉक्टर ने तिवसा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।