Amravati Sindhi Community News: अमरावती सिंधी समाज के सदस्यों को पीआर (परमानेंट रेजिडेंट) कार्ड वितरण की प्रक्रिया को तेज और सुव्यवस्थित करने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय के राजस्व भवन में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधीश आशीष येरेकर और महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सिंधी समाज के पात्र सदस्यों को पहचान के महत्वपूर्ण दस्तावेज पीआर कार्ड समय पर और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराना रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी पात्र व्यक्तियों तक जल्द से जल्द कार्ड पहुंचाना प्राथमिकता है।
इस दौरान पात्र लाभार्थियों की सटीक सूची तैयार करने, आवश्यक दस्तावेजों की जांच व सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाने, वितरण के लिए निश्चित समय-सारणी तय करने और समाज के लोगों को आवेदन व वितरण प्रक्रिया की जानकारी देने जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिलाधीश आशीष येरेकर ने भरोसा दिलाया कि गहन सत्यापन के बाद प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर पीआर कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने मनपा और राजस्व विभाग के बीच समन्वय मजबूत कर प्रक्रिया में देरी न होने देने की बात कही।
बैठक में सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने कार्ड को पहचान के अनिवार्य दस्तावेज के रूप में बताते हुए वितरण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने की मांग की।
इस अवसर पर उपविभागीय अधिकारी अनिल भटकर, जिला अधीक्षक भूमि अभिलेख महेश शिंदे, उपजिलाधिकारी राजस्व विवेक जाधव सहित सिंधी समाज के प्रतिनिधि वासुदेव कृष्वाणी, आसनदास हेमवानी, अजय पोपटानी, नितीन डोडेजा, दीपक दादलानी, अमर गेही, टेकचंद केसवानी, सुरेश हेमनानी, शैलेन्द्र मेघवानी और अमृतराज यादव उपस्थित रहे।