Akola LPG Gas News: अकोला जिले में एलपीजी गैस एजेंसियों द्वारा सिलेंडर की कृत्रिम कमी निर्माण कर नागरिकों का आर्थिक शोषण और मानसिक छल किए जाने का आरोप लगाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण वाहुरवाघ ने जिलाधिकारी को निवेदन प्रस्तुत किया।
निवेदन में कहा गया है कि कई गैस वितरक स्टॉक उपलब्ध नहीं होने या सप्लाई बंद होने का बहाना देकर ग्राहकों को बारबार लौटा रहे हैं। इसके कारण नागरिकों को सिलेंडर के लिए कई दिनों तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है और उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
कई जगहों पर होम डिलीवरी सेवा बंद कर दी गई है, जिससे महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और श्रमिक वर्ग को भारी परेशानी हो रही है। इसके अलावा, कुछ वितरण कर्मियों द्वारा सिलेंडर देते समय अतिरिक्त पैसे या टिप मांगने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
शिकायत करने वाले ग्राहकों से बदसलूकी, धमकाने और गलत जानकारी देने जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। निवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि, एलपीजी गैस जीवनावश्यक वस्तु है, कृत्रिम कमी निर्माण करना या अतिरिक्त वसूली करना नियमबाह्य है।
दोषी एजेंसियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। इसी उपलब्ध स्टॉक और वितरण की जांच करने, अतिरिक्त वसूली करने वालों पर मामला दर्ज करने और नागरिकों के लिए शिकायत निवारण यंत्रणा शुरू करने की मांग की गई है।