निजी अस्पताल में हंगामा, मरिज का डॉक्टर पर हमला, वलगांव मार्ग की घटना, 4 आरोपी फरार

Amravati Gadgenagar Police:अमरावती के वलगांव मार्ग स्थित निजी अस्पताल में डॉक्टर ऋषिकेश बोरवार पर देर रात हमला किया गया। मामले में गाडगेनगर पुलिस ने 4आरोपियों पर मामला दर्ज किया।
निजी अस्पताल में हंगामा, मरिज का डॉक्टर पर हमला
निजी अस्पताल में हंगामा, मरिज का डॉक्टर पर हमला (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Amravati Crime News: अमरावती शहर के वलगांव मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर पर जानलेवा हमला करने की घटना सोमवार रात करीब 10 बजे के आसपास घटी। डॉक्टर पर हुए इस हमले से अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही गाडगेनगर पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

हमले में घायल डॉक्टर का नाम ऋषिकेश बोरवार बताया गया है।

वलगांव मार्ग पर स्थित इस निजी अस्पताल में आपातकालीन सेवाएँ भी उपलब्ध हैं, जिसके कारण यहाँ दिनभर बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। सोमवार रात यास्मीन नगर क्षेत्र में कुछ युवकों के बीच जोरदार झगड़ा हुआ, जिसमें काजी फैयाजुद्दीन उर्फ बाबा काजी एजाजुद्दीन नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उसके साथ आए 8–10 युवक और 4–5 महिलाएँ अस्पताल लेकर पहुँचीं।

अस्पताल पहुँचते ही साथ आए लोगों ने काफी शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। इस समय डॉ. ऋषिकेश बोरवार किसी अन्य मरीज का उपचार कर रहे थे। अस्पताल में बढ़ते हंगामे को देखते हुए उन्होंने संबंधित लोगों को शांत रहने की अपील की।

डॉक्टर से मारपीट

इसी दौरान घायल युवक काजी फैयाजुद्दीन ने डॉ. बोरवार से उलझना शुरू किया और अपने साथियों के साथ मिलकर डॉक्टर पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में डॉ. बोरवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही गाडगेनगर पुलिस का दल घटनास्थल पर पहुँच गया, लेकिन तब तक हमलावर युवक घायल मरीज के साथ अस्पताल से फरार हो चुके थे। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल परिसर में बंदोबस्त बढ़ा दिया और घायल डॉक्टर को आईसीयू में भर्ती कराया गया।

मामला दर्ज

डॉ. बोरवार के बयान के आधार पर पुलिस ने यास्मीन नगर निवासी काजी फैयाजुद्दीन सहित तीन अन्य युवकों के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com