अमरावती मनपा ने अपनाई ब्लॉकचेन तकनीक, काम में आएगी रफ्तार, प्रशासन में पारदर्शिता

Amravati Municipal Corporation: अमरावती मनपा ने ब्लॉकचेन तकनीक अपनाकर प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और गति बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। यह स्मार्ट प्रशासन की दिशा में नई पहल है।
अमरावती मनपा ने अपनाई ब्लॉकचेन तकनीक
अमरावती मनपा ने अपनाई ब्लॉकचेन तकनीक
Published on
Updated on

Amravati Municipal Corporation: अमरावती महानगरपालिका अब डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में एक बड़ा कदम आगे बढ़ा रही है। ई-गवर्नेंस सुधार कार्यक्रम के तहत ब्लॉकचेन तकनीक पर आधारित आधुनिक डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित और लागू करने की दिशा में यह पहल की गई है।

मनपा आयुक्त सौम्‍या शर्मा चांडक ने बताया कि ब्लॉकचेन तकनीक प्रशासन में विश्वास, पारदर्शिता और गति बढ़ाने का एक प्रभावी साधन है। इस तकनीक को अपनाने वाली अमरावती मनपा राज्य की अग्रणी स्थानीय संस्था बनने जा रही है।

फर्जीवाड़ा-रोधी और सुरक्षित डेटा प्रणाली

ब्लॉकचेन ऐसी तकनीक है जिसमें एक बार दर्ज किया गया डेटा बदला नहीं जा सकता। इस कारण, मनपा के अग्निशमन अनापत्ति प्रमाणपत्र, विभिन्न लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख अब पूरी तरह सुरक्षित और फर्जीवाड़ा-रोधी होंगे। नकली दस्तावेजों की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी।

QR कोड से तत्काल सत्यापन

महानगरपालिका द्वारा जारी प्रत्येक प्रमाणपत्र पर अब QR कोड अंकित होगा। नागरिक अपने मोबाइल से इस कोड को स्कैन कर दस्तावेज की तत्काल जांच (वेरिफिकेशन) कर सकेंगे। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि नकली प्रमाणपत्रों का खतरा भी पूरी तरह खत्म होगा।

पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही

ब्लॉकचेन प्रणाली में हर लेन-देन का डिजिटल और ट्रेस करने योग्य रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है। इससे प्रशासनिक निर्णयों में जवाबदेही सुनिश्चित होगी, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और जनता का विश्वास और मजबूत होगा। मनपा के प्रत्येक कार्य की डिजिटल ट्रैकिंग संभव होगी।

नागरिक-केंद्रित और पेपरलेस सेवाएं

महानगरपालिका का लक्ष्य नागरिकों को तेज, सरल और भरोसेमंद सेवा प्रदान करना है। ब्लॉकचेन की सहायता से पूरी प्रक्रिया पेपरलेस हो जाएगी। जहां आवेदन, सत्यापन और अनुमोदन एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पूरे किए जा सकेंगे।

अमरावती बनेगा ‘स्मार्ट प्रशासन’ का मॉडल

यह परियोजना न केवल अमरावती बल्कि पूरे राज्य के लिए डिजिटल गवर्नेंस का एक आदर्श मॉडल साबित होगी। पारदर्शिता, दक्षता और नागरिक सहभागिता को सशक्त करने वाला यह कदम अन्य शहरी स्थानीय संस्थाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।

“यह केवल तकनीकी परिवर्तन नहीं, बल्कि प्रशासनिक संस्कृति में डिजिटल जिम्मेदारी और नागरिकाभिमुखता का स्थायी समावेश है,”  ऐसा मनपा आयुक्त सौम्‍या शर्मा चांडक ने कहा।

नागरिक जागरूकता अभियान जल्द शुरू होगा

महानगरपालिका शीघ्र ही नागरिकों के लिए ब्लॉकचेन तकनीक पर आधारित जनजागरूकता अभियान शुरू करेगी। इसमें ऑनलाइन डेमो, प्रशिक्षण सत्र और नागरिक संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को इस तकनीक के उपयोग और लाभों की जानकारी दी जाएगी।

अमरावती मनपा तकनीक की सहायता से पारदर्शी, तेज और भरोसेमंद प्रशासन की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। ब्लॉकचेन तकनीक के माध्यम से शहर अब स्मार्ट प्रशासन की नई परिभाषा गढ़ने की ओर अग्रसर है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com