कानून के रखवालों के घर भी असुरक्षित! बेखौफ चोरों ने 5 जजों के मकान से लाखों उड़ाए, अमरावती में मची सनसनी

Amravati Judge Colony Theft: अमरावती में जजों की कॉलोनी में बड़ी सेंधमारी। 5 जजों और 4 कर्मियों के घरों के ताले टूटे। सीसीटीवी में कैद हुए चोर, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप।
Sensational burglary in Amravati Judge Colony. Thieves targeted 5 judges and 4 staff houses.
जज कॉलोनी में चोरी (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

5 Judges House Burglary: अमरावती जिले में कानून की सुरक्षा के प्रतीक माने जाने वाले जजों की कॉलोनी में चोरों ने ऐसी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया कि पूरे शहर की नींद उड़ गई। जिला एवं सत्र न्यायालय के पांच न्यायाधीशों और चार न्यायालयीन कर्मचारियों के बंद घरों के ताले तोड़कर चोरों ने बेखौफ सेंधमारी की।

पुलिस बंदोबस्त और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हाई प्रोफाइल कॉलोनी को निशाना बनाए जाने से कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए चोर दीवार फांदकर फरार होते दिखाई दिए, जिसके बाद से शहर में हड़कंप मचा हुआ है।

बताया जा रहा है कि शनिवार और रविवार की छुट्टी के कारण दो हिस्सों में बंटी न्यायाधीश कॉलोनी के पांच जज बाहर गए हुए थे और उनके घरों पर ताले लगे थे। इसी तरह न्यायालयीन कर्मचारी कॉलोनी में भी चार कर्मचारी बाहर गए थे। चोरों ने उन्हीं घरों को निशाना बनाया जिन पर ताले लगे थे।

बंद घरों को ही बनाया निशाना

न्यायाधीशों की ‘नल-दमयंती’ नामक नई इमारत में तीन घरों के ताले तोड़े गए, जबकि पास स्थित ‘पैनगंगा’ इमारत में रहने वाले दो जजों के घरों में भी चोरी हुई। इसके अलावा जज कॉलोनी के पीछे स्थित न्यायालयीन कर्मचारियों की 3 इमारतों में चार घरों के ताले तोड़कर चोरी की गई। निवासियों का कहना है कि कई दिनों से बंद पड़े घरों के तालों पर जमी धूल देखकर चोरों ने अंदाजा लगाया होगा कि घर खाली हैं। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से कॉलोनी की रेकी की थी।

पुलिस आयुक्त ने किया दौरा

सुबह करीब चार बजे चोरी की सूचना मिलते ही अमरावती के पुलिस आयुक्त राकेश ओला और पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। सुबह आठ बजे तक पुलिस आयुक्त ने स्वयं सभी प्रभावित घरों का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज में चोर कॉलोनी की पिछली ओर झाड़ियों के पास दीवार फांदकर भागते हुए दिखाई दिए हैं।

कर्मचारी के घर से जेवर और नकदी चोरी

अकोला में वास्तुशांति कार्यक्रम में गए न्यायालयीन कर्मचारी आशीष गेडाम को जब चोरी की सूचना मिली तो वे सुबह सात बजे की ट्रेन से अमरावती लौटे। उनके घर की बेडरूम में रखी अलमारी तोड़कर तिजोरी से सोने-चांदी के आभूषण और तीन-चार हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए।

उन्होंने बताया कि चोरों ने छोटे डिब्बे में रखे गहने निकालकर डिब्बा दोबारा बंद कर दिया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और कॉलोनी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

1 लाख 27 हजार का माल चोरी

इस मामले में पुलिस कर्मी अथर अली एजाज अली बेग की शिकायत पर गाडगेनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पांच न्यायाधीश व दो न्यायालयीन कर्मियों के घर से 1 लाख 27 हजार रुपए का माल चोरी होने की आशंका पुलिस पंचनामे से व्यक्त की है। न्यायाधीश व कर्मी बाहरगांव गए हुए है, वह आने के बाद ही क्या चोरी हुआ है, यह सामने आएगा। प्रकरण में जांच अधिकारी एपीआई अमर वसावे आगे की जांच कर रहे है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com