Amravati Crime: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, LCB की कार्रवाई, 10 बाइक जब्त

LCB Action: अमरावती में LCB ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी की 10 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
interstate vehicle theft gang
Amravati bike theft (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Amravati Bike Theft: अमरावती जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का ग्रामीण अपराध शाखा (LCB) ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शिरजगांव से करजगांव मार्ग पर चोरी की मोटरसाइकिलें बेचते समय दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 10 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन अनिल पवार (21, खोमाई, भैंसदेही, बैतूल, मध्यप्रदेश) और राज धनराज मावस्कर (20, देडवाकुंड, भैंसदेही, बैतूल, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्रामीण अपराध शाखा को गोपनीय सूचना मिली थी कि शिरजगांव से करजगांव रोड पर दो युवक बिना नंबर प्लेट की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल को कम कीमत में बेचने का प्रयास कर रहे हैं और उनके पास वाहन से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।

बिना नंबर प्लेट की बाइक बेचने की कोशिश

जब उनसे मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। गहन और कौशलपूर्ण पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 20 जनवरी को बहिरम यात्रा के दौरान उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी।

कई स्थानों से की गई थी चोरी

पूछताछ में कुल 6 मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है, जबकि 4 अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में जांच जारी है। जब्त की गई सभी 10 मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत 5 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार ये दुपहिया वाहन शिरजगांव कसबा, गाडगेनगर, ब्राह्मणवाडा थडी और अकोला जिले के बोरगांव मंजू क्षेत्र से चोरी किए गए थे। आरोपियों को आगे की जांच के लिए शिरजगांव कसबा पुलिस के हवाले किया गया है।

पुलिस अधिकारियों की भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद और अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक किरण वानखडे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन पवार, गजेंद्र ठाकरे, युवराज मानमोठे, रविंद्र व्हाडे, सागर नाठे, शांताराम सोनवणे, विकास अंजीकर और चालक प्रशिक वानखडे शामिल थे।