Amravati: बोलेरो हिट एंड रन मामले में चालक गिरफ्तार, राजापेठ पुलिस ने की कार्रवाई
Amravati Hit and Run Case: अमरावती शहर में कुछ दिन पहले हुए हिट एंड रन मामले में राजापेठ पुलिस को आखिरकार सफलता मिली। राजापेठ पुलिस ने आरोपी बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
- Written By: प्रिया जैस
बोलेरो चालक गिरफ्तार (सौजन्य-नवभारत)
Amravati News: अमरावती शहर में कुछ दिन पहले हुए दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में आखिरकार राजापेठ पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। फरार बोलेरो चालक और उसकी गाड़ी दोनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस पूरे मामले में पुलिस ने मात्र तीन दिनों में 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। यह अपने आप में उल्लेखनीय है।
2 युवतियां हुई थी घायल
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर की रात करीब 10.15 से 10.30 बजे के बीच शिकायतकर्ता पायल राजेंद्र बुंदेले अपनी सहेली वैष्णवी थोरात के साथ एक्टिवा स्कूटी पर फर्शी स्टॉप से कंवरनगर चौक की ओर जा रही थीं। उसी समय कंवरनगर स्थित ग़ज़ल बार के सामने एक बोलेरो वाहन (एमएच49-बीडब्ल्यू-5985) ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुईं, जबकि वैष्णवी थोरात की हालत अभी भी नाज़ुक बनी हुई है और वह मौत से जूझ रही है। पायल बुंदेले की शिकायत पर राजापेठ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया था।
राजापेठ पुलिस ने लगातार तीन दिन तक अथक प्रयास करते हुए आरोपी रोहित रमेश नंदागवली ( 24 वर्ष, निवासी लुंबिनी नगर, वडरपुरा, अमरावती) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बोलेरो वाहन जब्त कर लिया गया है। इस हादसे के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल था। वैष्णवी थोरात के जीवन के लिए संघर्ष जारी है और नागरिक न्याय की मांग कर रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से शहरवासियों में राहत और संतोष का माहौल है। लोगों ने राजापेठ पुलिस की त्वरित और तकनीकी जांच की प्रशंसा की है।
सम्बंधित ख़बरें
Amravati News: महावितरण के स्मार्ट मीटर से बिजली बिल में बड़ी बचत, तीन महीने में 2 करोड़ से ज्यादा की राहत
Amravati News: परतवाड़ा-घटांग मार्ग पर भीषण हादसा, बाइक सवार दो दोस्तों की मौत
Amaravati News: एमपी की 4 बीज कंपनियों पर FIR, बोगस सोयाबीन बीज से किसानों को लाखों का नुकसान
Amravati News: अमरावती मनपा आयुक्त मंगेश गोंडवले ने सुकली कम्पोस्ट डिपो का किया निरीक्षण
यह भी पढ़ें – स्कैंडल या स्ट्रैटेजी? सरकार ने रोकी लाड़की बहनों की E-KYC, जानें क्या है असली वजह?
250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच
पुलिस ने पिछले तीन दिनों में शहर के 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद बोलेरो का नंबर और आरोपी का पता चल सका। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए पुलिस ने आरोपी को ढूंढ निकाला और नागरिकों का विश्वास जीत लिया।
उक्त कार्रवाई पुलिस आयुक्त अरविंद चावरिया, उपायुक्त श्याम घुगे, गणेश शिंदे और सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पुनीत कुलट तथा पुलिस उपनिरीक्षक मिलिंद हिवरे, अमित बकतवार और पुलिस हवलदार मनीष करपे, पंकज खटे, रवि लीकितकर, सागर भजगवरे और अर्जुन कदम ने की।
