Amravati Crime News: अमरावती में अपराध शाखा ने निर्माणाधीन मकानों से इलेक्ट्रिक वायर और केबल चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से हजारों रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया है।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर गुलजार नगर निवासी शेख अझरुद्दीन शेख कमरुद्दीन को हिरासत में लिया गया। जांच में सामने आया कि वह निर्माणाधीन इमारतों से वायरिंग सामग्री चोरी कर तारों को जलाकर उसमें से तांबा निकालकर बेचता था।
सख्त पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों जहीर खान उर्फ राजा नाडा और शेख अबरार उर्फ येडा शेख मुक्तार के साथ मिलकर शहर के तीन स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। चोरी किया गया तांबा जवाहर गेट स्थित एक स्क्रैप दुकान में बेचा गया था, जहां से पुलिस ने तांबा जब्त किया है।
आरोपी ने खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र में हुई तीन चोरियों की भी कबूली दी है। इसके अलावा गाडगेनगर और नांदगांवपेठ थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त गणेश शिंदे व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराध शाखा की टीम द्वारा की गई।