Amravati Traffic Diversion News: अमरावती में श्री क्षेत्र चांगापुर हनुमान मंदिर में 2 अप्रैल गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक हजारों श्रद्धालु दोपहिया और चारपहिया वाहनों से दर्शन के लिए पहुंचेंगे। मंदिर तक जाने वाला बलगांव रोड स्थित चांगापुर फाटा मार्ग संकरा होने और हाल ही में बने रेलवे अंडरपास पर खतरनाक मोड़ के कारण दुर्घटना और जाम की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इसके चलते चांगापुर फाटा से हनुमान मंदिर तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर केवल दर्शन के लिए आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। दर्शन के बाद लौटने वाले श्रद्धालुओं को अयोध्या नगरी लेआउट से रेवसा फाटा मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यह ट्रैफिक व्यवस्था 2 अप्रैल को सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगी। मंदिर परिसर में जहांजहां पार्किंग के संकेत लगाए गए हैं, वहीं वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्तालय और ट्रैफिक विभाग ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। यह जानकारी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात संजय खताले द्वारा दी गई है।