मुंबई-अमरावती फ्लाइट का समय फिर बदला, जानें क्या है नया शेड्यूल

Alliance Air की मुंबई-अमरावती-मुंबई उड़ान सेवा में एक बार फिर समय बदला गया है। 5 जनवरी को दोपहर सत्र में उड़ान होगी, जबकि 7 जनवरी से सेवा फिर सुबह के समय संचालित की जाएगी।
Mumbai Amravati Flight Timing Changed
अमरावती एयरपोर्ट (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Amravati Flight Timing Changed: अलायंस एयर की मुंबई-अमरावती-मुंबई उड़ान सेवा सप्ताह में चार दिन बहाल होने के बावजूद एक बार फिर समय में बदलाव किया गया है। 5 जनवरी को यह उड़ान मुंबई से दोपहर 12.5 बजे अमरावती के लिए रवाना होगी और 1.50 बजे अमरावती पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 2.15 बजे अमरावती से मुंबई के लिए उड़ान भरेगी और शाम 4 बजे मुंबई पहुंचेगी। हालांकि 7 जनवरी से यह सेवा फिर से सुबह के सत्र में संचालित की जाएगी।

दिसंबर में 15 दिन बंद थी सेवा

घने कोहरे की समस्या के कारण 1 से 15 दिसंबर के बीच यह विमान सेवा बंद रखी गई थी। बाद में सेवा शुरू तो हुई, लेकिन सप्ताह में केवल दो दिन ही उड़ानें संचालित की गईं और समय में भी बदलाव किया गया। 2 जनवरी से सप्ताह में चार दिन उड़ानें शुरू की गई हैं। अलायंस एयर ने 26 अक्टूबर से शीतकालीन समय-सारिणी के तहत महत्वपूर्ण बदलाव किए थे। इसके तहत मुंबई-अमरावती उड़ान सुबह 7.05 से 8.50 बजे और अमरावती-मुंबई उड़ान सुबह 9.15 से 10.30 बजे निर्धारित की गई थी। यह सेवा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार-इन चार दिनों में उपलब्ध थी।

पहले के समय-सारिणी के अनुसार मुंबई से दोपहर 3.25 बजे उड़ान भरने वाला विमान शाम को अमरावती पहुंचता था और शाम 5.35 बजे मुंबई के लिए रवाना होता था, जिससे मुंबई पहुंचने का समय शाम 7.20 बजे होता था। इस कारण यात्रियों को दिनभर के कामों के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता था और सेवा को असुविधाजनक बताया जा रहा था। इसी वजह से उड़ानों को सुबह के सत्र में स्थानांतरित किया गया। हालांकि, दिसंबर में मौसम में लगातार बदलाव और घने कोहरे के कारण दृश्यता की समस्या बनी रही, जिससे उड़ान सेवाएं प्रभावित हुईं और कई बार ऐन मौके पर उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com