पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी, अकोला के 1.87 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 37.53 करोड़ रुपये
Akola Farmers Scheme: अकोला जिले में पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी हो गई है। इसके तहत 1.87 लाख से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी से कुल 37.53 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं।
PM Kisan 23rd Installment Akola: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत देशभर के किसानों के लिए बहुप्रतीक्षित 23वीं किस्त जारी कर दी गई। इसके अंतर्गत अकोला जिले के 1 लाख 87 हजार 625 पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रति किसान दो हजार रुपये के हिसाब से कुल 37 करोड़ 53 लाख रुपये की राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से जमा की गई।
इस अवसर पर जिले में 'पीएम किसान उत्सव दिवस' मनाया गया तथा प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी विभिन्न स्थानों पर दिखाया गया। केंद्र सरकार ने देश के अल्प एवं अत्यल्प भूधारक किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से फरवरी 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी।
यह योजना आज किसानों के लिए आय का एक महत्वपूर्ण सहारा साबित हो रही है। योजना के निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र किसान परिवारों को प्रति वर्ष तीन समान किस्तों में कुल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
22 किस्तों में मिला हजारों करोड़ का लाभ
इस योजना के अंतर्गत इससे पहले राज्य के पात्र किसान परिवारों को 22 किस्तों के माध्यम से लगभग 39 हजार 300 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। नए पात्र किसान भी पीएम किसान योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए किसानों को अपने भूमि अभिलेखों की जानकारी अद्यतन रखना, बैंक खाते को आधार से संलग्न करना तथा ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है।
केंद्र सरकार के संशोधित नियमों के अनुसार इन सभी शर्तों को पूरा करने वाले पात्र किसानों के खातों में ही डीचीटी के माध्यम से योजना की राशि जमा की जाती है।