अमरावती में गरजे अजित पवार, विकास का दिया 'गारंटी' कार्ड, बोले- भड़काऊ भाषणों से माहौल न बिगाड़ें

Ajit Pawar in Amravati: अजित पवार का अमरावती में बड़ा बयान। भड़काऊ भाषणों से बचें, विकास के लिए NCP को चुनें। बेलोरा एयरपोर्ट और तीर्थ क्षेत्रों के लिए फंड का वादा। यहां पढ़ें पूरी खबर।
Ajit Pawar Amravati visit NCP candidates Amravati
अमरावती में अजित पवार (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Ajit Pawar Amravati Visit: उपमुख्यमंत्री व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार ने कहा कि मैं काम को महत्व देता हूं, मुझे काम करना पसंद है, वह भी उत्कृष्ट काम पर मैं विश्वास रखता हूं। अगर विकास चाहिए तो हम पर विश्वास रखें। न किसी के भड़काऊ भाषण में आकर शहर का वातावरण न बिगाड़ें। हम शहर के विकास के लिए कटिबद्ध हैं।

स्थानीय गाडगे बाबा समाधि मंदिर परिसर के सामने स्थित प्रांगण में पार्टी के 85 उम्मीदवारों के प्रचारार्थ विश्ववास सम्मेलन को वे संबोधित कर रहे थे।

इस समय मंच पर निरीक्षक वसंत उईखेडकर, विधायक संजय खोडके, सुलभा खोडके, संतोष महात्मे, शहराध्यक्ष प्रशांत डवरे, अशोक बसेरिया, अशोक अग्रवाल, अख्तर हुसैन, अमृत मुथा, प्रताप देशमुख आदि उपस्थित थे।

पवार ने कहा कि शिवाजी महाराज ने 12 प्रकार की जातियों को लेकर राज्य की स्थापना की थी। हमें भी चाहिए कि शिवाजी, फूले, आंबेडकर की विचारधारा के आदर्शों को लेकर हमें भी चलना चाहिए। रायगढ़, पुणे, नागपुर, नाशिक, संभाजी नगर में उद्योग स्थापित हुए हैं, जिससे वहां की आम जनता को लाभ मिला है।

विकासात्मक कार्यों को बढ़ावा

शहर में स्थित बेलोरा विमानतल पर नाईट लैंडिंग के कार्यों को तेजी से किया जा रहा है। अमृत योजना के कार्यों को गति दी गई है। वहीं भूयारी गटर योजना के लिए ढाई सौ करोड़ का प्रावधान है। नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग से कई जिलों का विकास हुआ है तथा कई लोगों को रोजगार में बढ़ावा मिला है। जिन प्रकल्पों की आवश्यकता है, उसे 15 जनवरी को चुनाव खत्म होने के बाद हमारे कार्यालय में संपर्क कर इसकी योजना बताएं। हम जवाब के पक्के हैं। जो कहा है वह काम पूरा करके ही दिखाते हैं।

अंबा-एकवीरा देवी को तीर्थक्षेत्र का दर्जा

अजित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र को पहले क्रमांक का राज्य बनाने के लिए हमें काम करना है। उनके पास कई विभाग हैं, जिसमें अल्पसंख्यक विभाग और खेल विभाग भी शामिल हैं। खिलाड़ियों के विकास के लिए नियोजन बनाए जा रहे हैं। अल्पसंख्यक समाज के विकास के लिए निधि दी जाएगी

अंबादेवी-एकवीरा देवी मंदिर तीर्थ क्षेत्र घोषित किया गया है। साथ ही रमाई, पीएम व अन्य आवास योजनाओं के लिए मनपा को 28.84 करोड़ की निधि दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य में हम महायुति में शामिल हैं। लेकिन शहर के विकास के लिए राकां प्रत्याशियों को चुनकर लाने का आह्वान किया।

वातावरण खराब करने वालों पर लगाम

प्रास्ताविक में विधायक सुलभा खोडके ने कहा कि राष्ट्रवादी पार्टी सर्वधर्म स्वभाव को लेकर चलती है। यह विकास के मुद्दे को महत्व देने वाला एकमात्र पक्ष है। उन्होंने स्वच्छ व सुंदर अमरावती का लक्ष्य रखा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वडाली व बांबू गार्डन के विकास का नियोजन किया जा रहा है।

1 नंबर की पार्टी बनेगी खोडके

सभा के पूर्व विधायक संजय खोडके ने बताया कि हमने पहले ही 85 सीटों पर लड़ने का मन बनाया था, जिसके चलते कुल 85 उम्मीदवार हमारे हैं। वहीं एक प्रभाग में शिवसेना उबाठा के दो उम्मीदवारों को हमारा समर्थन है। कुल 87 उम्मीदवार हमारे मैदान में हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रचार में भी पहले नंबर पर है। चुनाव पश्चात मनपा में हमारी पार्टी 1 नंबर की पार्टी के रूप में सामने आएगी, जिसका चित्र अगले दो दिनों में स्पष्ट हो जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com