Akola News: ग्राहक संरक्षण कानून के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा, जानकारी, अपनी बात रखने और चयन करने का अधिकार है. इन अधिकारों की रक्षा के लिए सजगता अत्यंत आवश्यक है, ऐसा प्रतिपादन जिलाधिकारी वर्षा मीणा ने किया.
जिला प्रशासन और जिला आपूर्ति विभाग की ओर से विश्व ग्राहक दिवस का कार्यक्रम काटेपूर्णा सभागृह में आयोजित किया गया. इस अवसर पर अकोला जिला ग्राहक शिकायत निवारण आयोग के अध्यक्ष श्रीपाद कुलकर्णी, जिला आपूर्ति अधिकारी रविंद्र यन्नावार, सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी अर्चना निमजे तथा विभिन्न ग्राहक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राहक के अधिकारों की रक्षा कर लेनदेन में विश्वास बनाए रखना और उसे सुदृढ़ करना ही सशक्त समाज की पहचान है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ग्राहक जागरूकता बढ़ाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएं.
जिला ग्राहक शिकायत निवारण आयोग के अध्यक्ष श्रीपाद कुलकर्णी ने कहा कि तकनीक के माध्यम से आज अनेक सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध हैं. ऐसे में ग्राहकों को समयबद्ध सेवा देना प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम में ग्राहक जागरूकता पर आधारित एक लघुनाट्य भी प्रस्तुत किया गया. इस अवसर पर ग्राहक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे.