Umred Pauni Karhandla Tiger Reserve News: पवनी विदर्भ के जंगलों की पहचान अब केवल पेंच और ताडोबा तक सीमित नहीं रही, बल्कि उमरेड-पावनी-करहंडला टाइगर रिजर्व इन दिनों वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। खासकर पवनी गेट पर बाघों के एक भरे-पूरे कुनबे की मौजूदगी ने यहां की रौनक कई गुना बढ़ा दी है।
पिछले कुछ दिनों से सफारी के दौरान बाघिन ‘शैडो’, बाघ एन-4 और उनके दो शावकों की लगातार झलक मिल रही है। इस कारण पवनी गेट पर्यटकों के लिए ‘लकी चार्म’ बन गया है और सफारी की बुकिंग लगातार हाउसफुल चल रही है।
आमतौर पर गोठनगांव और करहंडला गेट पर अधिक भीड़ रहती है, लेकिन इन दिनों पवनी गेट ने लोकप्रियता में सभी को पीछे छोड़ दिया है। बाघों के इस परिवार को कभी साथ में अठखेलियां करते तो कभी जंगल के अलग-अलग हिस्सों में विचरण करते देख पर्यटक रोमांचित हो रहे हैं।
रोमांच अपने चरम पर तब पहुंचा जब बाघिन शैडो एक कृत्रिम जलाशय के किनारे नजर आई। कभी पानी में खेलती तो कभी शांत मुद्रा में बैठकर जंगल की शान का एहसास कराती रही।
सबसे रोमांचक क्षण तब आया जब बाघिन सफारी जिप्सी के बेहद करीब से गुजरी। इतने नजदीक से बाघ का दीदार होते ही पर्यटक रोमांच और आश्चर्य से भर उठे और इस यादगार अनुभव को कैमरों में कैद करते नजर आए।