विधान परिषद में गूंजा शिरपुर-पातुर बस सेवा का मुद्दा, परिवहन मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
Manav Vikas Bus Service: विधान परिषद में विधायक भावना गवली ने वाशिम के शिरपुर, मालेगांव और मेडशी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिरपुर-पातुर मानव विकास बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई।
Bhavana Gawali (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Shirpur Patur Bus Service: वाशिम जिले के मालेगांव, मेडशी, शिरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के उर्दू माध्यम के लगभग 110 छात्राएं और 73 छात्र उच्च शिक्षा के लिए प्रतिदिन अकोला जिले के पातुर स्थित शाहबाबू विद्यालय आतेजाते हैं। इन क्षेत्रों में उर्दू माध्यम से सेमीइंग्लिश एवं अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को पातुर आना पड़ता है। मानव विकास मिशन के तहत छात्राओं के लिए बस सेवा संचालित होने के बावजूद जिला सीमा की वजह से इन विद्यार्थियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इससे छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं को प्रतिदिन आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर शाहबाबू संस्था के सचिव सैय्यद इस्हाक राही पिछले कई वर्षों से अकोला एवं वाशिम के जिलाधिकारियों, महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल के विभाग नियंत्रक, डिपो प्रमुख तथा संबंधित विभागों के समक्ष लगातार पत्राचार और प्रयास करते रहे हैं।
उर्दू माध्यम के विद्यार्थियों के लिए बस सेवा की मांग
उन्होंने इस विषय में विधायक भावना गवली से भी हस्तक्षेप का अनुरोध किया था। विधायक भावना गवली ने पूर्व में भी इस विषय का अनुसरण किया था। इसके बाद उन्होंने विधान परिषद में यह मुद्दा उठाते हुए मानव विकास मिशन की बस सेवा शिरपुर से पातुर तक शुरू करने की मांग की। इस पर परिवहन मंत्री प्रतापराव सरनाईक ने सदन में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र मानसून सत्र: रिकॉर्ड कामकाज और सेट विरोधी! विजेंद्र गुप्ता मॉडल से चूक गया महाराष्ट्र विपक्ष
जनता की सेहत से खिलवाड़ नहीं… ठाणे में तुकाराम मुंढे का बड़ा एक्शन, सड़ा माल बेचने वाली दुकान सील
महाराष्ट्र में 31 जुलाई तक जारी रहेगा ‘वन स्टेट वन ई-चालान’, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी डिजिटल सख्ती
सबके सामने करेंगे बेनकाब, सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को लगाई भयंकर फटकार, जेल नियमों पर भड़की अदालत
भावना गवली ने सरकार का ध्यान खींचा
विधान परिषद में यह मुद्दा उठने के बाद विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में आशा का वातावरण है। उन्हें विश्वास है कि सरकार शीघ्र ही बस सेवा शुरू करने का निर्णय लेकर छात्राओं की सुरक्षित और नियमित शिक्षा का मार्ग प्रशस्त करेगा। विधायक भावना गवली ने छात्राओं के लिए सुरक्षित बस सेवा शुरू करने की मांग विधान परिषद में उठाई। यह छात्रहित में उठाया गया अत्यंत सराहनीय कदम है।
ये भी पढ़े: अमरावती में जीरो फैटालिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान, सड़क हादसों में मौतें रोकने के लिए पुलिस को विशेष प्रशिक्षण
छात्राओं की सुरक्षित शिक्षा पर जोर
पातुर शाहबाबू संस्था सचिव सैय्यद इस्हाक राही ने कहा कि उनकी इस संवेदनशील पहल के लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। अभिभावक शेख अय्याज ने कहा कि छात्राओं को होती परेशानी है। विधायक भावना गवली ने हमारी बेटियों की शिक्षा और सुरक्षित आवागमन का मुद्दा विधान परिषद में उठाया, इसके लिए हम उनके हृदय से आभारी हैं। प्रतिदिन पातुर आनेजाने में छात्राओं को काफी परेशानी होती है।
