Akola News: एलसीबी और तहसील कार्यालय की ओर से बोरगांव थाना क्षेत्र के कोलंबी इलाके में अवैध डीजल भंडारण पर कार्रवाई कर 71 हजार रु. का माल जब्त किया है.यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत 3 अप्रैल को बोरगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कोलंबी इलाके में अवैध डीज़ल भंडारण पर कार्रवाई की गई. गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा अकोला और तहसील कार्यालय निरीक्षण अधिकारी विश्वजीत लिंगायत के सहयोग से संयुक्त टीम ने छापा मारा.
इस कार्रवाई के दौरान आरोपी शेख मोहम्मद शेख इब्राहिम 25, निवासी कुरणखेड, पकड़ा गया. उसके पास बिना अनुमति रखा गया डीज़ल बरामद हुआ. मौके पर 5 नीली टंकियों में 67,500 रु. मूल्य का 750 लीटर डीज़ल तथा 3,500 रु. मूल्य की 7 खाली प्लास्टिक टंकियां मिलीं.
इस प्रकार कुल 71,000 रु. का माल पंचों की मौजूदगी में जब्त किया गया. आरोपी के खिलाफ जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 व 7 के तहत बोरगाव मंजू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू थी.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी और स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके के मार्गदर्शन में पीएसआई विष्णु बोडखे, जीपीएसआई बोरकर, हेड कॉन्स्टेबल गोकुल चव्हाण, पुलिस कांस्टेबल स्वप्निल खेडकर, अन्सार शेख, चालक पुलिस कांस्टेबल मनीष ठाकरे तथा तहसील कार्यालय के अधिकारी तुषार चिंचोले, देवांशिव चांदोरकर, अतुल कोनापटे आदि की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक पूरी की. इस छापेमारी से अवैध डीज़ल कारोबार पर रोक लगाने में थोड़ी सफलता मिली है.