Bhandara News: सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक से लैस करने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए भंडारा जिले में महासाधना सप्ताह का आगाज़ हो गया है.
भारत सरकार, क्षमता विकास आयोग और कर्मयोगी भारत के संयुक्त तत्वावधान में 2 से 8 अप्रैल तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य सरकारी तंत्र को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है. जिलाधिकारी सावन कुमार ने इस संबंध में सभी विभाग प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली.
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी और कर्मचारी इस निर्धारित अवधि में iGOT कर्मयोगी भारत पोर्टल पर जाकर अपना प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूरा करें. टेक लर्निंग वीक के रूप में मनाए जा रहे इस महासाधना सप्ताह के दौरान प्रत्येक कर्मचारी को पोर्टल पर लॉगइन कर अपनी पसंद या विभाग से संबंधित कम से कम 4 घंटे का कोर्स पूरा करना होगा.
पोर्टल पर डिजिटल गवर्नेंस, समय प्रबंधन और कार्यालयीन कामकाज को सुगम बनाने वाले कई आधुनिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं. इस अभियान की खास बात यह है कि साधना सप्ताह के दौरान पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को चिन्हित किया जाएगा.
इन विभागों को मई महीने में आयोजित होने वाले TECHवारी 2.0 कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. प्रशासन के अनुसार, इस पहल का मुख्य लक्ष्य सरकारी कर्मचारियों में डिजिटल साक्षरता बढ़ाना, नई तकनीकों का परिचय कराना और उनके कौशल में निरंतर सुधार करना है.
जिलाधिकारी ने जिले के सभी शासकीय सेवकों से इस तकनीकी सप्ताह में स्वैच्छिक और सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि आम जनता को मिलने वाली सरकारी सेवाओं में और अधिक पारदर्शिता और गति आ सके.