ऑपरेशन प्रहार: अकोला में जुआ-गुटखा माफिया पर एक साथ तीन छापे, 10 आरोपी गिरफ्तार

Akola News: अकोला में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने छापेमारी कर जुआ सामग्री, पान मसाला व गुटखा सहित कुल 6 लाख रुपये का माल जब्त किया। तीन कार्रवाइयों में 10 आरोपी गिरफ्तार दर्ज किए गए।
Akola Operation Prahar Raid
जब्त तंबाकू और गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस जवान (फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Akola Operation Prahar Raid: अकोला में ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत स्थानीय अपराध शाखा और हिवरखेड पुलिस ने अवैध धंधों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में जुआ सामग्री और प्रतिबंधित पान मसाला व गुटखा सहित कुल 6 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

9 दिसंबर को स्थानीय अपराध शाखा ने गुप्त सूचना के आधार पर एमआईडीसी थाना क्षेत्र के बीके चौक पर चल रहे अवैध जुआ तितली भवरा पर छापा मारा। इस दौरान 8 जुआरी पकड़े गए, जिनमें नागेश खंडारे, आकाश भाटकर और अन्य 6 साथी शामिल हैं। मौके से 8680 रुपये नकद, जुआ सामग्री और 5 मोबाइल जब्त किए गए। इसकी कुल कीमत लगभग 58,680 रुपये है। आरोपियों के खिलाफ एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।

प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू जब्त

शास्त्री स्टेडियम कॉम्प्लेक्स के दूकान क्रमांक 26, A1 अंडा सेंटर पर आरोपी मोहम्मद रियाज मोहम्मद फारुख (29), निवासी अनंत नगर, बालापुर नाका, अकोला के पास से प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू जब्त किया गया। इसमें वाह पान मसाला के 100 पैकेट (12,000 रुपये), तंबाकू के 100 पैकेट (1,500 रुपये), काली बहार पान मसाला के 121 पैकेट (14,520 रुपये), बीएचआर खानदानी तंबाकू के 121 पैकेट (3,630 रुपये) शामिल हैं। कुल 31,650 रुपये का माल जब्त कर रामदास पेठ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।

कुल 5 लाख से अधिक का माल जब्त

इसी दिन शाम को झरी नाका क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान वन विभाग की सूचना पर पुलिस ने एक पिकअप वैन एमएच 04 जीएफ 5130 को रोककर उसमें से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू बरामद किया।

इसमें सागर 2000 पान मसाला के 118 पैकेट (8,260 रुपये), सागर पान मसाला के 27 पैकेट (3,645 रुपये), विमल पान मसाला के 8 पैकेट (1,496 रुपये), तंबाकू के 11 पैकेट (363 रुपये), एसआर 1 तंबाकू के 24 पैकेट (336 रुपये) और महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (5 लाख रुपये) सहित कुल 5,14,000 रुपये का माल जब्त किया गया। इस मामले में आरोपी लक्ष्मण जामूनकर (30), निवासी पिंपरखेड, तहसील तेल्हारा, जिला अकोला को गिरफ्तार कर हिवरखेड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।