Akola News:अकोला तहसील के बोरगांव मंजू गांव के सुपुत्र और आईटीबीपी जवान विकास वानखड़े 35 का निधन कर्तव्य निभाते हुए हुआ. वे हरियाणा राज्य के जाटुसाना, रेवाड़ी में आईटीबीपी की 28वीं वाहिनी में कार्यरत थे.
बीते कुछ महीनों से वे अस्वस्थ थे और उपचाराधीन थे. उपचार के दौरान 4 अप्रैल को उनका निधन हो गया. उनका पार्थिव शरीर 5 अप्रैल को बोरगांव मंजू स्थित निवास पर पहुंचा, जहां पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार, रिश्तेदार और ग्रामस्थों ने आक्रोश और दुःख व्यक्त किया.
विकास वानखड़े अपने पीछे पत्नी, वृद्ध मातापिता, दो छोटी बेटियां और भाई को छोड़ गए हैं. पिता का साया खोने से मासूम बच्चियों पर दुःख का गहरा असर पड़ा है. जवान विकास वानखड़े का रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. शोकाकुल वातावरण में उन्हें मुखाग्नि दी गई और सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
अंत्ययात्रा में आईटीबीपी निरीक्षक पी.डी. हजारीलाल, 28वीं वाहिनी के जवान, जाटुसाना रेवाड़ी हरियाणा से आए सहकर्मी, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के मान्यवर उपस्थित रहे. इस वीर जवान का कम आयु में निधन सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक रहा और पूरे गांव को शोकसागर में डुबो गया. वानखड़े परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है. कर्तव्यनिष्ठा और साहस से जीवन जीने वाले इस शूरवीर को अंतिम विदाई देते समय हर आंख नम थी.