राष्ट्रीय महामार्ग पर भीषण हादसा, खडकी क्षेत्र के पतिपत्नी की मौके पर मौत
अकोला जिले में सोमवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसे में खडकी क्षेत्र के पतिपत्नी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
Akola News: अकोला जिले में सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा में खडकी क्षेत्र के निवासी पतिपत्नी की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा राष्ट्रीय महामार्ग पर खामगांवअकोला मार्ग के पिंप्री गवली फाटे के पास हुआ. मृतकों की पहचान अतुल सिरसाट 32 और उनकी पत्नी दीक्षा सिरसाट 28 के रूप में हुई है.
दोनों मोटरसाइकिल क्र.एमएच 30 बीवाय 0932 से मोताला तहसील के तलणी गांव में रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे अकोला लौट रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिंप्री गवली फाटे के पास आगे चल रहे ट्रक ने अचानक गति कम कर दी. इसके चलते अतुल सिरसाट ने भी अपनी मोटरसाइकिल की गति धीमी की.
तभी पीछे से आ रहे दूसरे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और पंचनामा किया. इसके बाद दोनों शवों को खामगांव के सामान्य अस्पताल में भेजा गया. पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच जारी है.
