अकोला में पारा 46.3 डिग्री पहुंचा; अगले 5 दिन भीषण हीटवेव का अलर्ट, रात की बिजली कटौती से जनता बेहाल

Akola Temperature Update: अकोला में तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 23 मई तक तीव्र हीटवेव की चेतावनी जारी की है, वहीं रात में बिजली कटौती से नागरिक परेशान हैं।
Akola's temperature reached 46.3°C, prompting a severe heatwave alert until May 23. Nighttime power outages have further worsened conditions for residents.
अकोला तापमान (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Akola Temperature Heatwave Alert: अकोला शहर में तापमान ने फिर एक बार बढ़त बनाते हुए 46.3 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू लिया है। इससे पहले भी एक बार 26 अप्रैल को तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब फिर एक बार अधिकतम तापमान 46.3 डिसे पर पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से नागरिकों को राहत नहीं मिल रही है। शनिवार देर रात बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से कुछ क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।

पिछले वर्ष खरीफ और रबी सीजन में बेमौसम बारिश होने से इस बार गर्मी कम रहने की उम्मीद थी, लेकिन मार्च से ही तापमान ने रफ्तार पकड़ ली। 2 मार्च को अकोला में देश का सर्वाधिक तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में पारा 46.9 डिग्री तक पहुंच गया था। पिछले छह दिनों से लगातार तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज हो रहा है।

रविवार और सोमवार को धूप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लोगों को हाथ-पांव जलने जैसे अनुभव हुए। गमछा बांधने पर भी धूप से बचाव संभव नहीं था। दोपहर बाद शहर की सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग पेड़ों की छाया तलाशते दिखे।

नागरिकों की परेशानी दिनभर की भीषण गर्मी और रात में बिजली कटौती ने नागरिकों को बेहाल कर दिया है। गर्मी के कारण घरों में पंखे और कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। देर रात बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को नींद पूरी करना मुश्किल हो गया है। कई क्षेत्रों में नागरिकों ने विभागीय अधिकारियों से शिकायतें दर्ज कराई हैं और त्वरित समाधान की मांग की है।

नागरिकों की प्रतिक्रिया

शहरवासियों का कहना है कि इस बार गर्मी ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिन में काम पर निकलना मुश्किल हो गया है और लोग जरूरी काम भी टाल रहे हैं। दूकानदारों ने बताया कि दोपहर के समय ग्राहक कम आ रहे हैं। वहीं, स्कूलों और कॉलेजों में भी उपस्थिति प्रभावित हो रही है। अकोला शहर में बढ़ते तापमान और बिजली कटौती ने नागरिकों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद आने वाले दिनों में गर्मी की लहर और भी तीव्र रहने की संभावना है।

अगले 5 दिन गर्मी की लहर

नागपुर क्षेत्रीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 18 मई से 23 मई तक अकोला सहित विदर्भ के अन्य जिलों में गर्मी की लहर जारी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों को सावधानी बरतने का निर्देश दिया है। प्रशासन का नागरिकों से आवाहन जिला प्रशासन ने नागरिकों से आवाहन किया है कि दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में बाहर न निकलें, अधिक तापमान में शारीरिक श्रम से बचें,

धूप में वाहन चलाने से परहेज करें, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी दूरी बनाए रखें, बच्चों और पालतू जानवरों को बंद या पार्क किए वाहन में न छोड़ें, प्यास न लगने पर भी अधिक पानी पिएं। यदि कमजोरी, सिरदर्द, अत्यधिक पसीना या चक्कर आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। पशुधन और पालतू जानवरों को छांव में रखें और उन्हें पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं।

Navbharat Live
navbharatlive.com