अकोला के बाढ़ प्रभावित किसानों को बड़ी राहत, महाराष्ट्र सरकार ने DBT से बांटे 201 करोड़

Akola News: अकोला जिले के बाढ़ प्रभावित साढ़े तीन लाख किसानों को रबी बीज खरीदी के लिए सरकार ने 10 हजार रु सहायता दी है। 323 करोड़ की निधि में से 201 करोड़ DBT से किसानों के खातों में जमा किए गए।
किसान डीबीटी
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Akola Flood Affected Farmers Assistance: राज्य सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए घोषित पैकेज के अनुसार अकोला जिले में रबी सीजन के दौरान बीज खरीदने के लिए आर्थिक सहायता के रूप में 10 हजार रुपये प्रति किसान की मदद दी जा रही है। जिले को कुल 323 करोड़ 49 लाख 68 हजार रुपये का निधि मंजूर हुआ है, जिससे साढ़े तीन लाख से अधिक नुकसानग्रस्त किसानों को लाभ मिलेगा।

सोमवार तक 2 लाख 32 हजार 916 किसानों के खातों में सीधे डीबीटी प्रणाली से 201 करोड़ 39 लाख 85 हजार रुपये जमा किए गए हैं। जून और जुलाई में लगातार बारिश, अगस्त में अत्यधिक बारिश और जोरदार वर्षा तथा सितंबर में औसत से अधिक वर्षा के कारण जिले की फसलों को भारी नुकसान हुआ। पिछले वर्ष खरीफ और रबी सीजन में पहले से ही नुकसान झेल चुके किसान आर्थिक संकट में फंस गए थे।

सहायता का लाभ पाने वाले किसान

क्रमांक तहसील लाभार्थी किसान संख्या
1 अकोला 39,773
2 अकोट 32,958
3 बालापुर 36,882
4 बार्शीटाकली 28,540
5 मुर्तिजापुर 41,846
6 पातुर 24,370
7 तेल्हारा 28,547

लगातार हुई अतिवृष्टि

चार महीने लगातार अतिवृष्टि होने से स्थिति गंभीर बनी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस संकट को देखते हुए 31 हजार करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की। एनडीआरएफ के मानकों के अनुसार नुकसानग्रस्त किसानों को सहायता देने का निर्णय लिया गया है। तीन हेक्टेयर की सीमा तक किसानों को यह मदद दी जाएगी।

इसके अलावा किसानों को जमीन राजस्व में छूट, कर्ज का पुनर्गठन, बिजली बिल माफी, परीक्षा शुल्क माफी तथा दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के शुल्क माफी जैसे अन्य लाभ भी दिए जाएंगे। यह सहायता किसानों को राहत देने के साथ-साथ रबी सीजन में खेती के लिए आवश्यक बीज खरीदने में मददगार साबित होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com