

Akola Manufacturing Fake Gutkha Supply: अकोला जिले की पुलिस ने नकली और प्रतिबंधित गुटखा बनाने, सप्लाई और बिक्री करने के मामले में आरोपी गौरव शर्मा निवासी बलोदे लेआउट, हिंगणा फाटा, अकोला को गिरफ्तार किया है।
खदान पुलिस थाने में दर्ज मामले की जांच में उसका सीधा संबंध सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। एमआईडीसी क्षेत्र में चल रहे नकली गुटखा निर्माण रैकेट का सूत्रधार पुलिस की गिरफ्त में आने से जांच को नया मोड़ मिला है।
दो माह पूर्व खदान पुलिस थाने में अन्न सुरक्षा व मानक अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में गौरव शर्मा की भूमिका स्पष्ट हुई। साथ ही एमआईडीसी पुलिस थाने की सीमा में स्थानीय अपराध शाखा और अन्न व औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई में भी यह सामने आया कि गौरव शर्मा अवैध रूप से गुटखा निर्माण कारखाने चला रहा था।
इन कारखानों से प्रतिबंधित गुटखा, कच्चा माल, निर्माण मशीनें, पैकिंग मशीनें और अन्य सामग्री सहित कुल 1।75 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया। गौरव शर्मा पर आरोप है कि उसने खदान प्रकरण के आरोपी गुलशन गुलानी को गुटखा का माल उपलब्ध कराया और अकोला क्षेत्र में सप्लाई व बिक्री की। अब पुलिस गुटखा निर्माण से लेकर सप्लाई और वितरण तक की पूरी श्रृंखला की जांच कर रही है।
अकोला जिले की पुलिस अब केवल कारखाना चलाने वालों तक कार्रवाई सीमित नहीं रख रही है, बल्कि गुटखे की पूरी सप्लाई श्रृंखला का पता लगाने का प्रयास कर रही है। गुटखा किन-किन स्थानों तक पहुँचाया गया, सप्लाई और बिक्री में कौन-कौन शामिल थे और इस अवैध कारोबार के पीछे और किनका आर्थिक या व्यावसायिक हित जुड़ा है, इसकी जांच जारी है।
अकोला जिले की पुलिस तफ्तीश के दौरान मिले दस्तावेज, जब्त माल और अन्य सबूतों के आधार पर गौरव शर्मा की भूमिका स्पष्ट हुई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी। चंद्रकांत रेड्डी और एसडीपीओ सुदर्शन पाटिल के मार्गदर्शन में की गई।
इसमें एलसीबी के पुलिस निरीक्षक नितिन लेव्हरकर, खदान पुलिस निरीक्षक मनोज केदारे, पीएसआई मयूरी सावंत, दिनकर धुरंदर, भूषण मोरे, आकाश राठोड, शिवकुमार दुबे और गजानन अंभोरे शामिल थे।