छत्रपति संभाजीनगर में पुलिस का ऑपरेशन ऑल आउट, जुआ और अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी, 75 लाख का माल जब्त

Chhatrapati Sambhajinagar Operation All Out: छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने त्योहारों से पहले 12 घंटे का विशेष 'ऑपरेशन ऑल-आउट' चलाया। जुआ, अवैध शराब और तंबाकू के 104 मामलों में 129 आरोपियों को दबोचा।
Chhatrapati Sambhajinagar Police Crackdown Illegal Liquor
छत्रपति संभाजीनगर में पुलिस ने जब्त की अवैध शराबफोटो नवभारत
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Police Illegal Liquor Crackdown: आगामी त्योहारों के मद्देनजर छत्रपति संभाजीनगर जिले में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए ग्रामीण पुलिस ने ‘ऑपरेशन ऑल आउट’ के तहत 12 घंटे तक विशेष अभियान चलाया। 24 अगस्त की शाम 6 बजे से 25 अगस्त की सुबह 6 बजे तक जिले के सभी पुलिस थाना क्षेत्रों में जुआ, अवैध शराब, प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री और अवैध परिवहन के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान 129 आरोपियों के खिलाफ 104 मामले दर्ज कर 75.36 लाख रुपए का मुद्देमाल जब्त किया गया।

28 जुआ अड्डों पर छापे, 52 आरोपी गिरफ्तार

त्योहारों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में जुआ गतिविधियां बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जुआ अड्डों को विशेष रूप से निशाना बनाया। जिले में 28 स्थानों पर छापेमारी कर 52 आरोपियों को हिरासत में लिया गया इनके पास से नकदी, मोबाइल फोन और जुआ खेलने का साहित्य समेत कुल 4 लाख 8 हजार 595 रुपए का माल जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12 (अ) के तहत मामले दर्ज किए गए।

जंगल और नदी किनारे चल रही अवैध शराब भट्टियां ध्वस्त

अवैध शराब के खिलाफ भी पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। जंगलों, नदी-नालों और सुनसान स्थानों पर चोरी-छिपे चल रही गावठी शराब की भट्टियों पर छापे मारकर उन्हें नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में 55 आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र निषेध अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने शराब, रसायन, ड्रम और शराब बनाने के उपकरण समेत करीब 1 लाख 12 हजार रुपए का माल जब्त किया। बरामद सामग्री को मौके पर ही नष्ट किया।

स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू बिक्री पर कार्रवाई

स्कूल और महाविद्यालय परिसर के आसपास प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री करने वालों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान 19 मामले दर्ज कर 20 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15,709 रुपए का जुर्माना वसूल किया।

अवैध गैस रिफिलिंग का अड्डा भी पकड़ा

छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने 21 अगस्त को खुलताबाद शहर के पुराने बस स्टैंड परिसर में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से ऑटोरिक्शा और अन्य वाहनों में अवैध रूप से गैस भरने वाले अड्डे पर छापा मारकर 13 घरेलू गैस सिलेंडर समेत 1.84 लाख रुपए का माल जब्त किया था इस कार्रवाई से व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग का मामला सामने आया था।

Chhatrapati Sambhajinagar Police Crackdown Illegal Liquor
मोबाइल नहीं, पिता को घर लाने की जिद बनी मौत की वजह? खवड्या पहाड़ी हादसे पर कुणाल की मौसी का बड़ा खुलासा

अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचने पर जोर

पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव ने जिले के सभी पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की जानकारी एकत्र कर लगातार कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का जोर केवल अवैध धंधों पर कार्रवाई करने तक सीमित न रहकर इन कारोबारों के लिए स्थान उपलब्ध कराने वाले लोगों और उनके पीछे काम करने वाली पूरी श्रृंखला तक पहुंचने पर है।

पुलिस अधीक्षक जाधव ने चेतावनी दी है कि आगामी त्योहारों के दौरान नागरिक बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकलते हैं। ऐसे समय में जुआ अड्डे, अवैध शराब बिक्री, नशीले एवं प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री तथा किसी भी तरह का अवैध परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन ऑल आउट’ कोई अस्थायी अभियान नहीं है, बल्कि जिले से अवैध धंधों का समूल खात्मा करने के लिए इसे लगातार जारी रखा जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com