Washim News: एनडीआरएफ 5वीं बटालियन पुणे और एसडीआरएफ नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में मानोरा में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस प्रशिक्षण में हीटवेव, बाढ़, बिजली गिरना, आग लगना, भूकंप, सड़क हादसे, सांप का काटना, फर्स्ट एड, सीपीआर और पट्टी बांधने जैसे प्रात्यक्षिकों का प्रदर्शन किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार राजेंद्र पाटिल ने की. प्रमुख मार्गदर्शक के रूप में एनडीआरएफ पुणे के पुलिस निरीक्षक जालिंदर फुंदे, नायब तहसीलदार अस्तुरे, एसडीआरएफ नागपुर के पुलिस उपनिरीक्षक एस. पी. बोदर तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शाहू भगत उपस्थित रहे.
प्रशिक्षण में तलाठी, मंडल अधिकारी, कृषि सहायक, शिक्षक, पुलिस कर्मचारी, आरोग्य सेवक, सेविका, कोतवाल, पुलिस पाटिल, आंगनवाड़ी सेविका, आशा स्वयंसेविका, आपदा मित्र और सखी आदि बड़ी संख्या में सहभागी हुए. कार्यक्रम का प्रास्ताविक जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शाहू भगत ने किया और आभार प्रदर्शन विशाल डुकरे माने ने किया. प्रशिक्षण की सफलता के लिए नायब तहसीलदार अस्तुरे, राजस्व सहाय्यक राऊत और लखन ने विशेष परिश्रम किए.