अकोला में भाजपा नेता रामप्रकाश मिश्रा पर जानलेवा हमला, मचा हड़कंप

अकोला उद्योगपति तथा प्रदेश भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के उपाध्यक्ष रामप्रकाश मिश्रा पर शुक्रवार की देर रात हमला किया गया। जिसमें वे बुरी तरह से घायल हो गए। पहले उन्हें यहां पर निजी अस्पताल में दाखिल किया गया था, अब उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर ले जाया गया है।
अकोला में भाजपा नेता रामप्रकाश मिश्रा पर जानलेवा हमला, मचा हड़कंप
भाजपा नेता रामप्रकाश मिश्रा (फाइल फोटो)
Published on
Updated on

अकोला: स्थानीय उद्योगपति तथा प्रदेश भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के उपाध्यक्ष रामप्रकाश मिश्रा पर शुक्रवार की देर रात हमला किया गया। जिसमें वे बुरी तरह से घायल हो गए। पहले उन्हें यहां पर निजी अस्पताल में दाखिल किया गया था, अब उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर ले जाया गया है, जहां निजी अस्पताल में उनका उपचार शुरू हैं। उनके हाथ और पेट में गहरी चोंटें आने की जानकारी मिली हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामप्रकाश मिश्रा शुक्रवार की रात 10 से 11 के बीच जब अपने निवास स्थान पर लौटे और अपनी कार से नीचे उतरे, मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने उन पर चाकू से वार किया। उनका वाहन चालक तुरंत दौड़ा तो यह दोनों अज्ञात अपराध फरार हो गए।

रामप्रकाश मिश्रा को जख्मी अवस्था में तुरंत निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। जानकारी मिलते ही शहर पुलिस उप अधीक्षक सतीश कुलकर्णी, खदान पुलिस थाने के थानेदार किशोर शेलके तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। वहां लगाए गए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। बताया जा रहा है कि रामप्रकाश मिश्रा कुछ दिनों से दिल्ली में थे और वापस अकोला लौटे थे।

अनेक नेताओं से संबंध

जानकारी के अनुसार रामप्रकाश मिश्रा के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ-साथ अनेक वरिष्ठ भाजपा नेताओं और मंत्रियों से बहुत करीब के संबंध हैं। उन पर हुए इस हमले से शहर भर में खलबली मच गयी है। वे बहुभाषीय ब्राम्हण समाज के अध्यक्ष पद पर भी हैं।

पैसे वापस मांगने पर हुआ बवाल

शहर भर में इस बारे में चर्चा रही कि उद्योगपति रामप्रकाश मिश्रा ने उधार दिए हुए अपने पैसे किसी से वापस मांगे तो सामने वाले ने पैसे तो वापस नहीं किए लेकिन हमला करवा दिया इस तरह की चर्चाएं लगातार हो रही हैं।

अपराधियों को गिरफ्तार करें: खंडेलवाल

विधान परिषद के विधायक वसंत खंडेलवाल ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए हैं कि इस घटना की गंभीरता से जांच करते हुए अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करें। उन्होंने पुलिस की गश्त को लेकर नाराजी प्रकट की है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस द्वारा सभी क्षेत्रों में गंभीरता से गश्त शुरू रहे तो इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सकती है। उन्होंने कहा कि इस हमले की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए और संबंधित दोषियों को शीघ्र हिरासत में लिया जाना चाहिए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com