अकोला जिले में कपास-सोयाबी और तुअर की फसलों को भारी नुकसान, किसानों को भरपाई का इंतजार

Akola में अगस्त माह में जिले के अनेक क्षेत्रों में हुई अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों का भारी नुकसान हुआ है। जिले के 1 लाख 6 हजार 646 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 92 करोड़ की फसलों की हानि हुई है।
Akola में अगस्त माह में जिले के अनेक क्षेत्रों में हुई अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों का भारी नुकसान हुआ है। जिले के 1 लाख 6 हजार 646 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 92 करोड़ की फसलों की हानि हुई है।
डा. सुधीर ढोणे (सौजन्य-नवभारत)
Updated on

Akola Heavy Rainfall: अकोला जिले के 1 लाख 6 हजार 646 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 92 करोड़ की फसले बर्बाद हुई है। जिसमें 1 लाख 20 हजार 697 किसानों का नुकसान होने की जानकारी है। जिले के किसानों के नुकसान की संयुक्त रिपोर्ट राजस्व, कृषि व जिला परिषद प्रशासन द्वारा तैयार की गयी है। इस वर्ष मई माह के अंत में तीन बार बेमौसम बारिश हुई थी।

इसके पश्चात जून माह के प्रारंभ में जोरदार बारिश हुई फिर काफी समय तक बारिश नहीं आई इसके पश्चात जून माह के अंत में अतिवृष्टि हुई, जुलाई व अगस्त माह के अंत में भी अतिवृष्ट हुई जिसमें 47,409 हेक्टेयर क्षेत्र में कपास की फसल का नुकसान हुआ तथा 46,432 हेक्टेयर क्षेत्र में सोयाबीन की फसल की हानि हुई तथा 11,612 हेक्टेयर क्षेत्र में तुअर की फसल का नुकसान हुआ था। इस तरह करीब 92 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है।

तहसीलों में नुकसान

अकोट तहसील के 90 गांवों में 25,999 किसानों की फसलों का 18,540 हेक्टेयर क्षेत्र के खेतों में नुकसान हुआ है। इसी तरह तेल्हारा तहसील के 25 गांवों में 3997 हेक्टेयर क्षेत्र में 8,286 किसानों की फसलों की हानि हुई है। बालापुर तहसील के 11 गावों में 539 हेक्टेयर क्षेत्र में 894 किसानों का नुकसान हुआ है। पातुर तहसील के 36 गांवों में 2,078 हेक्टेयर क्षेत्र में 3307 किसानों की हानि हुई है। अकोला तहसील में 182 गांवों में 41,638 हेक्टेयर क्षेत्र में 40,964 किसानों की फसलों की हानि हुई है। इसी तरह मुर्तिजापुर तहसील के 166 गांवों में 39,307 हेक्टेयर क्षेत्र में 40,154 किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है। इस तरह जिले की सभी तहसीलों में किसानों के खेतों की हानि होने की जानकारी है।

सरकार किसानों को लेकर गंभीर नहीं सरकार : डा. सुधीर ढोणे

कांग्रेस के प्रवक्ता डा. सुधीर ढोणे का कहना है कि, जिले के 1 लाख 20 हजार 697 किसानों की फसलों का अतिवृष्टि के कारण नुकसान हुआ है। प्रशासन ने 92 करोड रु. का नुकसान भरपाई का अहवाल सरकार के पास भेजा है। देखा जाए तो यह राशि काफी कम है। फिर भी सरकार का काम है कि, यह नुकसान भरपाई की रकम तुरंत मंजूर करते हुए किसानों के बैंक खातों में जमा करवाएं।

जिले भर में किसानों का अतिवृष्टि के कारण भारी नुकसान हुआ है। किसान आर्थिक संकट में हैं। दशहरा, दिवाली जैसे त्यौहार करीब हैं, ऐसे समय में सरकार का काम है कि, वह तुरंत किसानों को नुकसान भरपाई की रकम दें। देखा जा रहा है कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।

Navbharat Live
navbharatlive.com