अक्षय नागलकर हत्या कांड में पुलिस की बड़ी सफलता, 9 आरोपी गिरफ्तार, DNA जांच से होगी पहचान

Akola Crime News: अक्षय नागलकर हत्या मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर शस्त्र, वाहन और शव के अवशेष बरामद किए। डीएनए जांच से पहचान की जाएगी। न्यायालय ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा।
अक्षय नागलकर हत्या कांड में पुलिस की बड़ी सफलता, 9 आरोपी गिरफ्तार, DNA जांच से होगी पहचान
अक्षय नागलकर हत्या कांड में 9 गिरफ्तार
Published on: 
Updated on: 

Akshay Nagalkar Murder Case: बहुचर्चित अक्षय नागलकर हत्या प्रकरण में पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए महत्त्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इस मामले में प्रयुक्त शस्त्र, वाहन और मृत देह के अवशेष बरामद किए गए हैं। साथ ही सभी 9 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पुलिस कस्टड़ी में रखा गया।

सभी 9 आरोपियों की पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद उन्हें न्यायालय द्वारा न्यायालयीन कस्टडी सुनाई गई है। पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक और शहर पुलिस उप अधीक्षक सुदर्शन पाटिल ने जानकारी दी कि आरोपियों द्वारा साक्ष्य मिटाने के प्रयास किए गए थे, लेकिन मृतक अक्षय नागलकर (26), निवासी मारोती नगर, के हड्डियों के टुकड़े बरामद कर लिए गए हैं। इन अवशेषों की डीएनए जांच की जाएगी, जिससे शव की पहचान और अपराध की पुष्टि संभव होगी।

DNA जांच से होगी पहचान

मामले में बरामद शस्त्रों के आधार पर अब आर्म्स एक्ट की धाराएं 3, 4 और 25 भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें चंद्रकांत बोरकर निवासी शिवसेना वसाहत, आशीष ऊर्फ आशु वानखडे निवासी पुराना शहर, श्रीकृष्ण भाकरे निवासी बड़ी उमरी, अशोक ऊर्फ ब्रह्मा भाकरे निवासी मोरगाव भाकरे, रोहित पराते निवासी पार्वती नगर, अमोल उन्हाले निवासी हरिहरपेठ, नारायण मेसरे निवासी बालापुर, आकाश शिंदे निवासी भौरद और शिवा माली शामिल हैं।

इस गंभीर प्रकरण की जांच पुलिस उप अधीक्षक सुदर्शन पाटिल के मार्गदर्शन में की जा रही है, और डीएनए रिपोर्ट के बाद मामले में और भी ठोस सबूत सामने आने की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com