न घोड़ी, न लग्जरी गाड़ियों का काफिला... साइकिल पर बारात लेकर निकला दूल्हा, 100 बाराती भी पैडल मारते दिखे

Groom Baraat On Bicycle: महाराष्ट्र के अकोला में शादी से पहले अनोखी बारात निकाली गई। राइड फॉर लव थीम पर दूल्हा और 100 बाराती साइकिल पर सवार होकर निकले और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
akola unique wedding groom baraat on bicycle ride for love
साइकिल पर सवार दूल्हा(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • अकोला में घोड़ी और लग्जरी कारों के बजाय साइकिल पर निकली अनोखी बारात।

  • राइड फॉर लव थीम के साथ 100 बारातियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

  • दूल्हे के पर्यावरण प्रेमी पिता की अनूठी सोच से प्रेरित होकर हुआ यह आयोजन।

Akola Unique Baraat On Bicycle: महाराष्ट्र के अकोला में एक शादी की बारात ने पारंपरिक शादियों के दिखावे से हटकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। आमतौर पर दूल्हे की बारात में घोड़ी, बैंड-बाजा और महंगी गाड़ियों का काफिला नजर आता है, लेकिन यहां न घोड़ी थी और न ही लग्जरी कारों की कतार।

दूल्हा साइकिल पर सवार होकर निकला और उसके साथ करीब 100 साइकिल सवारों की टोली बाराती बनकर चल पड़ी। इस अनोखी पहल को नाम दिया गया राइड फॉर लव।

यह अनूठी बारात अकोला के पर्यावरण प्रेमी डॉ. राजेंद्र कुमार सोनोने के बेटे डॉ. विराज की शादी से पहले निकाली गई। 19 नवंबर को शहर में आयोजित इस साइकिल राइड का उद्देश्य सिर्फ शादी का जश्न मनाना नहीं था, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी था। डॉ. विराज का विवाह 21 नवंबर को होना है।

टी-शर्ट पर लिखा खास संदेश

इस बारात की सबसे खास बात इसका अंदाज था। दूल्हे के साथ चल रही साइकिलों को फूलों से सजाया गया था। साइकिल सवारों की टी-शर्ट पर ‘राइड फॉर लव’ का संदेश लिखा था। करीब 100 साइकिल सवारों की यह टोली अकोला के प्रमुख रास्तों से गुजरी तो लोग इस अनोखे नजारे को देखने के लिए रुकने लगे। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन में इस बारात के वीडियो और तस्वीरें भी कैद कीं।

पिता की पर्यावरण प्रेम की सोच से मिली प्रेरणा

इस पहल के पीछे दूल्हे के पिता डॉ. राजेंद्र कुमार सोनोने की पर्यावरण के प्रति सोच को अहम माना जा रहा है। परिवार ने शादी जैसे निजी और खुशियों भरे मौके को सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का फैसला किया। यही वजह रही कि पारंपरिक बारात के बजाय साइकिल राइड को चुना गया।

इस आयोजन में भाजपा नेता सुहासिनी धोत्रे भी पहुंचीं। वह अकोला के सांसद की मां हैं। उन्होंने इस अनोखी पहल को करीब से देखा और इसके पीछे के उद्देश्य के बारे में जानकारी ली।

akola unique wedding groom baraat on bicycle ride for love
मुंबई में केट मिडलटन का रॉयल रेड अवतार! आखिरी दिन ब्रिटिश डिजाइनर की ड्रेस में ढाया कहर

शादी की बारात से मिला फिटनेस

राइड फॉर लव का संदेश केवल साइकिल चलाने तक सीमित नहीं रहा। इस पहल के जरिए लोगों को बताया गया कि फिट रहने के लिए साइकिलिंग को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाया जा सकता है। साथ ही छोटी दूरी के लिए साइकिल जैसे पर्यावरण अनुकूल साधनों का इस्तेमाल बढ़ाकर प्रदूषण कम करने में भी योगदान दिया जा सकता है।

akola unique wedding groom baraat on bicycle ride for love
ठाणे में FDA की बड़ी कार्रवाई, 2.06 करोड़ के खाद्य पदार्थ जब्त; DXP Ventures का लाइसेंस निलंबित

100 साइकिल सवारों के साथ अनूठा जश्न

अक्सर शादियों में खर्च, सजावट और भव्य आयोजन चर्चा में रहते हैं, लेकिन अकोला शहर की इस बारात ने जश्न मनाने का एक अलग तरीका पेश किया। यहां दूल्हे ने अपनी जिंदगी के खास दिन को यादगार बनाने के लिए ऐसा रास्ता चुना, जिसमें सेहत, पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी तीनों का संदेश शामिल था।

करीब 100 साइकिल सवारों के साथ निकली यह बारात बता गई कि खुशियां मनाने के लिए हमेशा महंगी गाड़ियों और बड़े दिखावे की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी एक अच्छी सोच ही किसी आयोजन को खास बना देती है।