अकोला में 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रशासन अलर्ट, 53 हजार से अधिक छात्र देंगे एग्जाम

Akola Board Exam News: अकोला में 10 और 20 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएँ शुरू हो रही हैं। 53,240 छात्र परीक्षा देंगे। कॉपी रोकने के लिए 43 बैठे दल और उड़नदस्ते तैनात रहेंगे।
Board exams in Akola start Feb 10 & 20. 53,240 students to appear. 43 static squads & flying squads deployed for copy-free exams. Sec 144 imposed within 100m of centers. CCTV is mandatory
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Maharashtra State Board News: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा ली जानेवाली दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। बारहवीं की परीक्षा 10 फरवरी से जबकि दसवीं की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होगी। इस वर्ष जिले में दसवीं के 26,353 और बारहवीं के 26,887 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने संपूर्ण व्यवस्था को सक्रिय कर दिया है ताकि परीक्षाएँ पूरी तरह कॉपी मुक्त वातावरण में संपन्न हो सकें। इसके लिए शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन और संबंधित यंत्रणाओं ने आवश्यक तैयारी की है।

विशेष रूप से 43 बैठा दलों को परीक्षा निगरानी के लिए नियुक्त किया गया है, साथ ही विभिन्न उड़नदस्ते भी कार्यरत रहेंगे। इस विषय पर माध्यमिक शिक्षाधिकारी डॉ। अरविंद मोहरे ने विस्तृत जानकारी दी। जिला स्तरीय तैयारी और संवेदनशील केंद्र कॉपीमुक्त अभियान के लिए जिलाधिकारी वर्षा मीणा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दक्षता समिति की बैठक हाल ही में आयोजित की गई, जिसमें संपूर्ण तैयारी का आकलन किया गया। दसवीं परीक्षा के लिए जिले में कुल 118 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 21 केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। वहीं बारहवीं परीक्षा के लिए 87 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 22 केंद्र संवेदनशील हैं।

43 बैठे दल और उड़न दस्ते

परीक्षाओं को कॉपीमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए अमरावती विभाग में विभागीय आयुक्त, शिक्षा उपसंचालक, जिलाधिकारी, जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य, माध्यमिक व प्राथमिक शिक्षणाधिकारी, योजना शिक्षणाधिकारी, उपशिक्षणाधिकारी तथा महिला अधिकारी-कर्मचारियों के स्तर पर उड़न दस्ते बनाए गए हैं। पेपर वितरण केंद्रों पर 11 परिरक्षक नियुक्त किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर दसवीं परीक्षा के लिए 21 बैठा दल और बारहवीं परीक्षा के लिए 22 बैठे दल तैनात रहेंगे। इस प्रकार प्रशासन ने दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं को निष्पक्ष, सुरक्षित और कॉपीमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी कर ली है।

सीसीटीवी और शिक्षक अदला-बदली

सभी परीक्षा केंद्र प्रमुखों को केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए लिखित निर्देश दिए गए हैं। जिन केंद्रों पर सीसीटीवी नहीं पाए जाएंगे, वहाँ संबंधित शिक्षकों की अदला-बदली की जाएगी। साथ ही ऐसे केंद्रों की मान्यता रद्द करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। अकोला जिलाधिकारी ने पहले ही स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिले की स्थिति इस प्रकार है

  • दसवीं : विद्यार्थी-26,353, परीक्षा केंद्र 118, संवेदनशील केंद्र-21, उड़नदस्ते-21
  • बारहवीं: विद्यार्थी-26,887, परीक्षा केंद्र-87, संवेदनशील केंद्र-22, उड़नदस्ते-22

जमावबंदी आदेश और कानूनी कार्रवाई

परीक्षा अवधि में सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर परिसर में जमावबंदी आदेश लागू रहेगा। इस आदेश के तहत सार्वजनिक टेलीफोन, एसटीडी, मोबाइल केंद्र, आईएसडी, फैक्स, ज़ेरॉक्स केंद्र और ध्वनिवर्धक बंद रहेंगे। केवल परीक्षार्थी, परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और पुलिसकर्मी इस आदेश से मुक्त रहेंगे। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षणाधिकारी डॉ. अरविंद मोहरे ने बताया की फरवरी माह में होने वाली इन परीक्षाओं के लिए प्रशासन पूरी तरह सज्ज है। 4 फरवरी को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में परीक्षा नियोजन को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com