अकोला मनपा चुनाव: 20 दिसंबर तक हो सकती है आचार संहिता की घोषणा, आयुक्त डॉ. लहाने ने दी जानकारी

Akola Municipal Election: अकोला मनपा चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने समीक्षा की। मतदाता सूची की आपत्तियों का निपटारा 10 दिसंबर तक होगा और आचार संहिता 15-20 दिसंबर के बीच लग सकती है।
अकोला मनपा चुनाव
अकोला मनपा चुनाव (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Akola News: अकोला महानगरपालिका चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य की सभी 29 महानगरपालिकाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में अकोला मनपा की मतदाता सूची पर प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर विस्तृत चर्चा की गई।

आयोग के अनुसार मतदाता सूची से संबंधित सभी आपत्तियों का निपटारा 10 दिसंबर तक कर दिया जाएगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी मनपा आयुक्त एवं प्रशासक डॉ. सुनील लहाने ने साझा की।

10 दिसंबर तक आपत्तियों के निपटारे का लक्ष्य

चुनाव की आदर्श आचार संहिता 15 से 20 दिसंबर के बीच लागू होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। राज्य की 29 महानगरपालिकाओं का कार्यकाल लगभग चार वर्ष पहले ही समाप्त हो चुका है।

29 मनपा चुनावों की समीक्षा पूरी

इसी के अनुसार मनपा क्षेत्र की मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर तेज़ कर दी गई है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 दिसंबर 2025 तक करना अनिवार्य है। मनपा प्रशासन ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं और चुनाव विभाग ने संबंधित कामकाज गति से शुरू कर दिया है।

मतदाता सूची से संबंधित कार्यक्रम

  • 10 दिसंबर 2025- प्रारूप मतदाता सूची पर आपत्तियों का निपटारा और प्रभागवार अंतिम सूची का प्रकाशन
  • 15 दिसंबर 2025-मतदान केंद्रों की सूची का प्रकाशन
  • 22 दिसंबर 2025-मतदान केंद्रवार मतदाता सूची का प्रकाशन
  • राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मनपा चुनावों की दिशा में आगे बढ़ते हुए यह पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।

चुनाव घोषणा की प्रबल संभावना

नगर परिषद और नगर पंचायत के अधिकांश चुनाव संपन्न हो चुके हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में मतदान 20 दिसंबर को आयोजित होगा। इसके परिणाम 21 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। इसके बाद जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की भी संभावना है, लेकिन फिलहाल मनपा चुनावों की घोषणा की संभावना सबसे अधिक मानी जा रही है।

इसी कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने मनपा आयुक्तों की तात्कालिक बैठक बुलाई, जिसमें मतदाता सूची पर आई आपत्तियों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com