Akola Missing Boy News: अकोला में 19 मार्च से लापता 11 वर्षीय बालक सर्वज्ञ निंबालकर का शव रविवार को डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय परिसर के एक नाले में मिलने से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों को नाले से दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर उन्हें बच्चे का शव दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया।
परिजनों के अनुसार, सर्वज्ञ 19 मार्च को घर से बिना बताए निकला था और वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बालक को तैराकी का शौक होने के कारण बचाव दल ने आसपास के कुओं में भी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
पुलिस अधिकारी ईशानी आनंद ने बताया कि शव नाले में मिला है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं शहरभर में संवेदना व्यक्त की जा रही है।