अकोला बना 'आग का गोला'! मार्च के पहले हफ्ते में ही 39.5 डिग्री पारा; पूरे भारत में सबसे गर्म रहा जिला

Hottest City in India: अकोला में मार्च की शुरुआत में ही बरसी आग! 39.5 डिग्री के साथ देश का सबसे गर्म शहर बना। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण से लू का खतरा बढ़ा।
Akola records 39.5°C, becoming the hottest city in India in early March 2026. Experts warn of a severe heatwave due to climate change.
अकोला सबसे गर्म जिला (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Updated on

Vidarbha Summer Update: मार्च महीने की शुरुआत होते ही अकोला में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस होने लगा है। सोमवार 2 मार्च को अकोला का अधिकतम तापमान 38.5 डिसे, मंगलवार 3 मार्च को अकोला का अधिकतम तापमान 38.6 डिसे, बुधवार, 4 मार्च को अकोला का अधिकतम तापमान 39.3 डिसे तथा गुरुवार 5 मार्च को अकोला का अधिकतम तापमान 39.5 डिसे दर्ज किया गया, जो पूरे भारत में सबसे अधिक रहा।

केवल पिछले चार दिनों में ही पारा 40 डिसे की ओर बढ़ने लगा है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि इस वर्ष का गर्मी का मौसम और अधिक तीव्र होगा। अकोला अपने उच्चतम तापमान के लिए विदर्भ ही नहीं, बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय रहता है। यहाँ गर्मियों में अक्सर 44-45 डिसे तक तापमान दर्ज होता है।

इस बार मार्च की शुरुआत में ही पारा तेजी से बढ़ने लगा है। अकोला के बाद अमरावती और ब्रम्हपुरी में भी तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मार्च की शुरुआत में ही अकोला देश का सबसे गर्म शहर बन गया है और आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

गर्मी अधिक तीव्र रहेगी

हवामान विशेषज्ञों के अनुसार यह अचानक बढ़ा तापमान जलवायु परिवर्तन का सीधा परिणाम है। पिछले वर्ष जिले में औसत से अधिक वर्षा हुई थी अपेक्षित 693 मिमी के मुकाबले 732 मिमी बारिश हुई। लोगों को उम्मीद थी कि इस बार गर्मी कुछ कम होगी, लेकिन फरवरी के अंतिम सप्ताह से ही तापमान 35 डिसे पार कर गया, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि गर्मी अधिक तीव्र रहेगी।

वातावरण परिवर्तन के कारण गर्मी की शुरुआत में ही तापमान बढ़ने की स्थिति 2022 में भी बनी थी। बढ़ते प्रदूषण, शहरीकरण और औद्योगिकीकरण से जंगल कम हो रहे हैं और प्राकृतिक बदलाव तेजी से हो रहे हैं। आने वाले समय में लू की घटनाएँ भी बढ़ेंगी।

नागरिकों के लिए सावधानी

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। आने वाले दिनों में सूर्य की तीव्र किरणों से बचाव हेतु जल का पर्याप्त सेवन और स्वास्थ्य की देखभाल आवश्यक होगी।

शहर में पिछले चार दिनों का तापमान

दिन अधिकतम तापमान (°C) स्थिति
सोमवार (2 मार्च) 38.5°C सामान्य से अधिक
मंगलवार (3 मार्च) 38.6°C गर्म हवाओं की शुरुआत
बुधवार (4 मार्च) 39.3°C तीव्र धूप
गुरुवार (5 मार्च) 39.5°C भारत में सर्वाधिक
Navbharat Live
navbharatlive.com