गुरुनानक कॉन्वेंट स्कूल अकोला ने मनाया 32वां स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा परिसर

School Foundation Day: अकोला के सिंधी कैम्प स्थित गुरुनानक कॉन्वेंट स्कूल ने 32वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शिक्षक सम्मान और पौधारोपण शामिल रहा।
akola gurunanak convent school 32nd foundation day celebration
School Celebration (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Guru Nanak Convent School Akola: स्थानीय सिंधी कैम्प स्थित गुरुनानक कॉन्वेंट स्कूल का 32वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह में सिंध शिक्षण प्रसारक मंडल के अध्यक्ष डॉ. बी.एल. वीरवाणी, उपाध्यक्ष अशोक पंजवाणी, गुरुनानक कॉन्वेंट स्कूल के अध्यक्ष गोपीचंद पंजवाणी तथा सचिव मनोहर वीरवानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

समारोह में कक्षा पहली से चौथी तक के विद्यार्थियों ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अपने संबोधन में डा।बी।एल। वीरवाणी ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार अपनाने और निरंतर सीखने की प्रेरणा दी।

शिक्षा के साथ संस्कारों का दिया संदेश

गोपीचंद पंजवाणी ने अनुशासन, समय के सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता का आधार बताया। वहीं, मनोहर वीरवानी ने ईमानदारी, परिश्रम और सकारात्मक सोच को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यालय की मुख्याध्यापिका प्रियंका बघेल ने प्रस्ताविक में शिक्षा के साथ कठोर परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी जैसे मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

विद्यार्थियों ने 'स्वच्छ भारत अभियान' विषय पर संस्कृत भाषा में मंचित नाट्य प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसकी अतिथियों ने विशेष सराहना की। इसके अलावा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10 के विद्यार्थियों को अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

शिक्षकों का सम्मान और पौधारोपण बना आकर्षण

स्थापना दिवस का प्रमुख आकर्षण सम्मान समारोह रहा, जिसमें सिंधी समाज के उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया जो वर्तमान में अकोला की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही शिक्षा क्षेत्र में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले वरिष्ठ शिक्षकों का भी अभिनंदन किया गया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों को पौधे भेंट किए गए तथा 'स्वच्छ शाला, स्वच्छ देश' की शपथ दिलाई गई।

इसके बाद विद्यालय परिसर में अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक पौधारोपण किया। कार्यक्रम के अंत में स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटा गया तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। विद्यालय की मुख्याध्यापिका प्रियंका बघेल एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक हुआ।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com