अकोला में 6 महीने से हजारों निर्माण श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं से वंचित, पोर्टल मेंटेनेंस से आवेदन बंद

Akola Construction Workers: अकोला में पोर्टल मेंटेनेंस के कारण फरवरी 2026 से निर्माण श्रमिक कल्याण योजनाओं के आवेदन बंद हैं। हजारों श्रमिक छात्रवृत्ति, अनुदान समेत लाभों से वंचित हैं।
akola construction workers welfare schemes portal maintenance application closed
निर्माण श्रमिक कल्याण योजना (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Construction Workers Welfare Schemes 2026: अकोला जिले के हजारों पंजीकृत निर्माण श्रमिक पिछले करीब छह माह से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। महाराष्ट्र इमारत निर्माण कामगार व अन्य कामगार कल्याण मंडल के ऑनलाइन पोर्टल के मेंटेनेंस के कारण नए पंजीकृत तथा नवीनीकरण करा चुके श्रमिक योजनाओं के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

इससे श्रमिकों में योजनाएं बंद होने की आशंका के साथ नाराजगी भी बढ़ रही है। कल्याण मंडल की ओर से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए आवश्यक सामग्री किट, घरेलू उपयोगी सामग्री, बच्चों के लिए शैक्षणिक छात्रवृत्ति, प्रथम विवाह अनुदान, प्रसूति अनुदान सहित विभिन्न योजनाएं चलाई जाती हैं। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए श्रमिकों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होता है। हालांकि, फरवरी 2026 से पोर्टल के अपडेट व तकनीकी रखरखाव के कारण योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया बंद है।

19,017 श्रमिकों का नवीनीकरण

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी 2026 से अब तक जिले में 18,801 नए निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण हुआ है। वहीं 19 हजार 17 श्रमिकों ने अपना पंजीकरण नवीनीकरण कराया है। इसके बावजूद इन श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। श्रमिकों का कहना है कि यदि लंबे समय तक योजनाओं के आवेदन बंद रहे तो उन्हें शिक्षा, विवाह, प्रसूति और अन्य आवश्यक सहायता से वंचित रहना पड़ेगा। मध्यान्ह भोजन सहित अन्य योजनाएं भी बंद होने की आशंका कुछ लाभार्थियों ने व्यक्त की है।

तकनीकी समस्या के कारण लाभ प्रक्रिया ठप

अध्यक्ष, अकोला बिल्डिंग, पेंटर्स व निर्माण मजदूर एसो. शैलेश सूर्यवंशी ने कहा कि नवीनीकरण और नए पंजीकरण का काम शुरू है, लेकिन योजनाओं से संबंधित कोई काम नहीं हो रहा है। तकनीकी खराबी के कारण यह प्रक्रिया बंद होने की जानकारी मिली है।

जल्द शुरू होगा ऑनलाइन पोर्टल

अकोला सहायक कामगार आयुक्त राहुल काले ने कहा कि पोर्टल का रखरखाव कार्य चल रहा है, इसलिए कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन करना बंद है। जल्द ही साइट शुरू की जाएगी। सरकार की ओर से कोई भी योजना बंद नहीं की गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com