

Akola 33KV Substation Inaugurated: अकोट विभाग के गोरधा में करीब 2 करोड़ 27 लाख रूपये की लागत से निर्मित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण सांसद अनूप धोत्रे, विधायक प्रकाश भारसाकले तथा महावितरण के मुख्य अभियंता दत्तात्रय बनसोडे की प्रमुख उपस्थिति में हुआ।
एशियाई इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक के आर्थिक सहयोग से निर्मित इस अत्याधुनिक उपकेंद्र से गोरधा सहित तलेगांव, हिंगणी और सोनवाड़ी क्षेत्र के घरेलू तथा कृषि उपभोक्ताओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने का रास्ता साफ हुआ है। इससे पहले इन गांवों को 33 केवी खंडाला और 33 केवी दानापुर उपकेंद्रों से बिजली की आपूर्ति की जाती थी।
5 एमवीए क्षमता वाले इस उपकेंद्र से तीन स्वतंत्र फीडरों के माध्यम से क्षेत्र के 1,053 घरेलू और 1,079 कृषि पंप उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इसके अलावा दानापुर उपकेंद्र के 40 तथा खंडाला उपकेंद्र के 36 रोहित्र अब गोरधा उपकेंद्र से जोड़े गए हैं। इससे दोनों पुराने उपकेंद्रों पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार काफी कम हुआ है।
लंबी बिजली लाइनों के कारण बार-बार तकनीकी समस्याएं उत्पन्न होती थीं। बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने, वितरण लाइनों की लंबाई कम करने तथा 'मांगने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बिजली' नीति को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से गोरधा में स्वतंत्र उपकेंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया था।
क्षेत्र की बिजली वितरण व्यवस्था अधिक सक्षम हुई है। नए उपकेंद्र के शुरू होने से बिजली आपूर्ति में बार-बार आने वाली तकनीकी बाधाओं में कमी आएगी। कृषि पंपों तथा घरेलू उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर बिजली मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से कृषि क्षेत्र के लिए यह उपकेंद्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक अधीक्षक अभियंता दीपक सोनोने ने किया। संचालन वरिष्ठ तकनीज्ञ दारोकार ने किया, जबकि उपकार्यकारी अभियंता विजय देवकर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्थापत्य विभाग के कार्यकारी अभियंता शशांक पोंक्षे, संजय कुटे सहित महावितरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।