गोरेवाड़ा तालाब में डूबे दो युवक
नागपुर: दोस्तों के साथ गोरेवाड़ा तालाब परिसर में घूमने गए 2 युवकों की डूबकर मौत हो गई। इस घटना से परिसर में हड़कंप मच गया। देर रात तक दमकल विभाग और गोताखोर सर्च अभियान में जुटे रहे लेकिन दोनों के शव नहीं मिल पाए। मृतकों का नाम सतीश रामराज देशभ्रतार (18) और अनिकेत धनराज बड़गे (18) है। दोनों ही रिश्तेदार हैं।
रील डालने के लिए ले रहे थे फोटो
बता दें कि सतीश अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करता था जबकि अनिकेत पेंटिंग का काम करता था। शनिवार को सहज ही परिसर में रहने वाले दोस्तों ने गोरेवाड़ा तालाब में घूमने का प्लान बना लिया। सतीश और अनिकेत परिसर में रहने वाले अपने मित्र साहिल कैलाश चौरे, यश आदेश उके और कुणाल सुधाकर उके के साथ गोरेवाड़ा तालाब परिसर में घूमने गए। शाम 4.30 बजे सभी डैम के पास मौज-मस्ती कर रहे थे। कुछ ने शराब भी पी रखी थी। अन्य तीन डैम के पास सोशल मीडिया पर रील डालने के लिए फोटो और वीडियो ले रहे थे। इसी दौरान सतीश कपड़े उतारकर पानी में उतर गया। किनारे पर कमर तक ही पानी था, इसीलिए वह मस्ती कर रहा था। कुछ दूर जाते ही वह लड़खड़ा गया और गहरे पानी में डूबने लगा।
सतीश भी उसके साथ था। अनिकेत को बचाने के लिए वह भी गहरे पानी में चला गया और दोनों ही डूबने लगे। साथियों ने उन्हें पानी में छटपटाते देख मदद के लिए चीख पुकार की। घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही गिट्टीखदान पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही दमकल विभाग को भी बुला लिया। गोताखोरों की मदद से दमकल विभाग ने आस-पास दोनों को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन खोज करते-करते अंधेरा हो गया।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन भी मौके पर पहुंचे। दोनों के नहीं मिलने से स्थिति तनावपूर्ण होती गई। देर रात तक खोज करने के बाद भी जब दोनों नहीं मिले तो दमकल विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया। परिजन दोनों के मिलने तक परिसर में ही बने रहने के लिए अड़े रहे। रविवार की सुबह पुलिस और दमकल विभाग दोबारा खोज अभियान चलाएंगे।