

Bandhavgarh Deer Feeding Viral Video : उमरिया स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में चीतल को केला खिलाने का शौक एक युवक को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पार्क प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों को भोजन कराना वन्यजीव संरक्षण नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कुछ दिन पहले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली कोर जोन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक कार सवार युवक सड़क किनारे खड़े चीतल को केला खिलाते हुए दिखाई दे रहा था। देखने में यह सामान्य घटना लग सकती है, लेकिन संरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी वन्यजीव को भोजन कराना कानूनन अपराध माना जाता है।
वीडियो सामने आने के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू की। अधिकारियों ने वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच में युवक की पहचान अनूपपुर जिले के कोतमा निवासी अनूप मिश्रा के रूप में हुई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने कोतमा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में पेश किया। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने बताया कि टाइगर रिजर्व या किसी भी संरक्षित वन क्षेत्र में वन्यजीवों को भोजन कराना, उन्हें आकर्षित करना या उनके प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप करना कानूनन अपराध है। इससे वन्यजीव इंसानों पर निर्भर होने लगते हैं और उनका स्वाभाविक व्यवहार प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावना भी बढ़ जाती है, जिससे वन्यजीवों और लोगों दोनों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने पर्यटकों से जंगल सफारी के दौरान सभी नियमों का पालन करने और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीवों को भोजन कराने या नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग का कहना है कि संरक्षित क्षेत्रों में वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार को बनाए रखना उनकी सुरक्षा और संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए पर्यटकों को जिम्मेदारी के साथ जंगल सफारी का आनंद लेना चाहिए।
https://youtube.com/shorts/eXUz6k4CzYA?si=Ovjt6Vd8LblXgNcY