उज्जैन: नौतपा के बीच बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट, लोगों को गर्मी से मिली राहत

Ujjain Weather Update: नौतपा के बीच आज उज्जैन में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों से ओलावृष्टि की भी खबर सामने आई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
Ujjain Rain News
ओलावृष्टि (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Ujjain Rain News: उज्जैन में नौतपा के छठे दिन शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सुबह से छाए बादलों के बीच तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई। लंबे समय से तपिश और गर्म हवाओं से परेशान शहरवासियों ने राहत की सांस ली और मौसम सुहावना हो गया।

पिछले कुछ दिनों से उज्जैन में तापमान लगातार बढ़ रहा था। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार हाल ही में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा था। शनिवार सुबह मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते पारा करीब 27 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई।

सुबह से हो रही रुक-रुक कर बारिश

सुबह से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश होती रही। तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से तत्काल राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं रात के समय भी लगभग 44 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मौसम में राहत बनी रह सकती है, हालांकि गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने में अभी कुछ समय लग सकता है।

बारिश के साथ ओलावृष्टि

इधर जिले के बड़नगर क्षेत्र के ग्राम बमनापाती में मौसम का असर और भी अधिक देखने को मिला। यहां बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। नौतपा के दौरान ओले गिरने की घटना ने ग्रामीणों को आश्चर्यचकित कर दिया। अचानक हुई ओलावृष्टि क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

भीषण गर्मी से लोगों को मिली राहत

बारिश, ठंडी हवाओं और ओलावृष्टि के कारण पूरे जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। लंबे समय बाद मिली इस राहत से लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से जूझ रहे लोगों के लिए यह मौसम किसी राहत भरे तोहफे से कम नहीं रहा। मौसम विभाग ने लोगों को आगामी दिनों में मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com