मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी: कई जिलों में पारा 44 के पार, 28 मई से लगातार तीन दिन बरसेगा पानी

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में नौतपा के बीच भीषण गर्मी का दौर जारी है। कई जिलों में पारा 44 के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 28 मई से लगातार 3 दिन तक बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
Heatwave Alert in Madhya Pradesh
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Heatwave Alert in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और लू का असर जारी है, लेकिन अब मौसम बदलने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह प्री-मानसून गतिविधियों की शुरुआत है और 10 से 16 जून के बीच मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई से कई जिलों में बारिश और आंधी हो सकती है। इनमें श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, नीमच और मंदसौर शामिल हैं।

इन जिलों में लू का अलर्ट

बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में लू और तीव्र लू का अलर्ट जारी किया गया है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, सीधी और सिंगरौली समेत 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, उज्जैन, शिवपुरी, रायसेन और सीहोर सहित 22 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

इन जिलों में पारा 44 के पार

मंगलवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नौगांव में 45.6 डिग्री, दतिया में 45.2 डिग्री, दमोह, सतना और टीकमगढ़ में 45 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। रीवा में 44.8 डिग्री और राजगढ़ में 44.6 डिग्री तापमान रहा।

बड़े शहरों का हाल

प्रदेश के पांच बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। ग्वालियर सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 43.2 डिग्री, जबलपुर में 43.9 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

सावधान रहने की सलाह

प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि दोपहर में लू का असर सबसे ज्यादा रहता है इसलिए जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। पर्याप्त पानी पीते रहें, शरीर को हाइड्रेट रखें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com