उज्जैन : ठंड बढ़ते ही बदली सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण की दिनचर्या, ऊनी वस्त्र पहनाकर गर्म दूध पिलाया

Sandipani Ashram Ujjain : सांदीपनि आश्रम में सर्दी बढ़ने के साथ भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और सुदामा को ऊनी वस्त्र और टोपी पहनाई गई है। गर्म दूध का भोग और अलाव की व्यवस्था मकर संक्रांति तक जारी रहेगी।
Sandipani Ashram Ujjain
भगवान श्री कृष्ण को ऊनी वस्त्र पहनाकर गर्म दूध पिलाया फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में भगवान की शीतकालीन सेवा शुरू।

  • श्रीकृष्ण, बलराम और सुदामा को पहनाए गए ऊनी वस्त्र और टोपी।

  • भगवान को गर्म दूध और भोजन का लगाया जा रहा भोग।

Sandipani Ashram Lord Krishna Wears Woollen Clothes : बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही मंदिरों और आश्रमों में भगवान की सेवा पद्धति भी मौसम के अनुरूप बदलने लगी है। मंगलनाथ रोड स्थित सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और सुदामा सहित गुरु सांदीपनि और गुरु माता के विग्रहों को ठंड से बचाने के लिए ऊनी वस्त्र पहनाए गए हैं। भगवान को गर्म कपड़ों के साथ टोपी भी धारण कराई गई है। इसके अलावा गर्म दूध और मौसमी भोजन का भोग लगाया जा रहा है।

बाल स्वरूप में होती है भगवान की सेवा

सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा बाल स्वरूप में की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बड़े भाई बलराम और मित्र सुदामा के साथ इसी आश्रम में गुरु सांदीपनि से शिक्षा ग्रहण की थी। इसी भाव के साथ यहां भगवान की सेवा भी एक बालक की तरह की जाती है। मौसम बदलने पर उनके वस्त्र, खानपान और दैनिक पूजा की व्यवस्था में भी बदलाव किया जाता है।

गर्म कपड़ों के साथ सिगड़ी में जलाया जा रहा अलाव

ठंड बढ़ने के बाद आश्रम में भगवान के विग्रहों को ऊनी कपड़े और टोपी पहनाई गई है। भगवान श्रीकृष्ण की बाल स्वरूप प्रतिमा के सामने सिगड़ी में अलाव जलाकर आसपास का वातावरण गर्म रखा जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें गर्म दूध और भोजन अर्पित किया जा रहा है। आश्रम में ये व्यवस्था श्रद्धा और सेवा की परंपरा के तहत की जा रही है।

महाकाल मंदिर में भी सर्दियों के अनुसार पूजा

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी ठंड के मौसम में भगवान महाकाल की दिनचर्या में बदलाव किया जाता है। परंपरा के अनुसार रूप चौदस से भगवान को गर्म जल से स्नान कराया जाता है। सर्दियों में आरती के समय में भी बदलाव किया जाता है। इस तरह उज्जैन में महाकाल मंदिर से लेकर सांदीपनि आश्रम तक मौसम के अनुरूप पूजा और सेवा की परंपराएं निभाई जाती हैं।

Sandipani Ashram Ujjain
छतरपुर में हादसे में घायल युवक की मौत, मंगेतर ने भी दी जान, दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

मकर संक्रांति तक जारी रहेगी शीतकालीन दिनचर्या

आश्रम की परंपरा के अनुसार भगवान की ये विशेष सेवा सूर्य के उत्तरायण होने तक जारी रहेगी। मकर संक्रांति तक पूजा, वस्त्र और खानपान की व्यवस्था सर्दियों के अनुरूप रहेगी। इसके अगले दिन से फिर सामान्य दिनों की तरह पूजा और सेवा शुरू कर दी जाएगी। मौसम के अनुसार भगवान की दिनचर्या में होने वाला ये बदलाव श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है।