बाबा महाकाल की सवारी की तैयारियां तेज, कलेक्टर ने सवारी मार्ग का किया निरीक्षण; श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर फोकस

Mahakal Sawari Ujjain: महाकाल सवारी मार्ग का निरीक्षण करने उतरे उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, श्रावण-भादौ मास की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश।
Preparations for the Baba Mahakal Sawari have gathered pace in Ujjain, with the District Collector inspecting the procession route and reviewing security arrangements
बाबा महाकाल सवारी मार्ग का कलेक्टर ने किया निरीक्षण (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Mahakal Sawari Collector Inspection: श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की पारंपरिक सवारियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक के साथ पूरे सवारी मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सवारी मार्ग पर चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्य, सड़क की स्थिति, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही अन्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से प्रगति की जानकारी भी ली।

'श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता'

कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण-भादौ मास की सवारियों से पहले सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सवारी मार्ग पर स्वच्छता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल, मजबूत बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के दिए निर्देश

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि सवारी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अतेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कुमट सहित पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की पारंपरिक सवारी उज्जैन जिले की धार्मिक परंपरा का प्रमुख आयोजन है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में प्रशासन सवारी को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

https://youtu.be/TLzEl61pxR0?si=c7T3xJGOSTdkea-A

Navbharat Live
navbharatlive.com